यात्री सुविधाओं और बेहतर प्रबंधन से प्रयागराज मंडल ने बनाया नया रिकॉर्ड

जून में 155.45 करोड़ की यात्री आय, लक्ष्य से 5.18 प्रतिशत अधिक; 70 लाख से अधिक यात्रियों ने किया रेलवे का सफर

यात्री सुविधाओं और बेहतर प्रबंधन से प्रयागराज मंडल ने बनाया नया रिकॉर्ड

प्रयागराज, 03 जुलाई। उत्तर मध्य रेलवे यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। जून 2026 में प्रयागराज मंडल ने यात्री आय और अन्य कोचिंग आय दोनों क्षेत्रों में निर्धारित लक्ष्य से अधिक राजस्व अर्जित करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह जानकारी शुक्रवार को उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारीअमित कुमार सिंहने दी।

उन्होंने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरिमोहन के निर्देशन में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, टिकट जांच अभियान को प्रभावी बनाने तथा राजस्व प्रबंधन को मजबूत करने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।

जून 2026 के दौरान प्रयागराज मंडल ने 155.45 करोड़ रुपये की यात्री आय अर्जित की, जो जून 2025 की तुलना में 10.42 प्रतिशत अधिक तथा निर्धारित लक्ष्य 147.80 करोड़ रुपये से 5.18 प्रतिशत अधिक रही। इसी अवधि में मंडल से 70.39 लाख यात्रियों ने यात्रा की, जो पिछले वर्ष की तुलना में 8.11 प्रतिशत तथा लक्ष्य से 2.97 प्रतिशत अधिक है।

अमित कुमार सिंह ने बताया कि अन्य कोचिंग आय के अंतर्गत भी मंडल ने 12.67 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 10.27 प्रतिशत तथा निर्धारित लक्ष्य से 6.92 प्रतिशत अधिक रहा।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि बेहतर यात्री सुविधाओं, प्रभावी टिकट जांच व्यवस्था, सुव्यवस्थित राजस्व प्रबंधन तथा गैर-किराया आय के स्रोतों के विस्तार का परिणाम है। प्रयागराज मंडल भविष्य में भी यात्रियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने, व्यापारिक अवसरों का विस्तार करने और भारतीय रेल के राजस्व में निरंतर वृद्धि के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।