फूलपुर सांसद प्रवीण पटेल सख्त, बोले- जनप्रतिनिधियों की समस्याओं का प्राथमिकता से हो समाधान; बिजली-सड़क-पानी पर दिए बड़े निर्देश

फूलपुर सांसद प्रवीण पटेल सख्त, बोले- जनप्रतिनिधियों की समस्याओं का प्राथमिकता से हो समाधान; बिजली-सड़क-पानी पर दिए बड़े निर्देश

फूलपुर सांसद प्रवीण पटेल सख्त, बोले- जनप्रतिनिधियों की समस्याओं का प्राथमिकता से हो समाधान; बिजली-सड़क-पानी पर दिए बड़े निर्देश

प्रयागराज, 15 सितंबर । जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाई गई जनसमस्याओं का अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। विद्युत विभाग के अधिकारी पूरी तत्परता से काम करें, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। यह निर्देश फूलपुर के सांसद प्रवीण पटेल ने मंगलवार को संगम सभागार में विद्युत समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक में दिए।

बैठक में विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। सांसद ने जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा से इन समस्याओं का शीर्ष प्राथमिकता पर समाधान कराने को कहा।

निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें

सांसद ने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध और निर्धारित समय के अनुसार विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है। विद्युत व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में आपूर्ति की नियमित निगरानी करने और शिकायतों का समयबद्ध समाधान कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने विद्युत लाइनों, ट्रांसफार्मरों और उपकेंद्रों की नियमित जांच तथा आवश्यक अनुरक्षण कार्य समय से कराने को कहा। अधिक भार वाले ट्रांसफार्मरों और लाइन संबंधी समस्याओं वाले क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। खराब ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समयसीमा में बदलने तथा जरूरत वाले क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा।

सांसद ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद उसके निस्तारण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। प्रत्येक शिकायत की निगरानी की जाए और उसका समाधान गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। जांच अभियानों के दौरान उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी न हो और नियमों का पूरी तरह पालन किया जाए।

अभियान चलाकर सड़कें गड्ढामुक्त करें

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा करते हुए सांसद ने बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों का निरीक्षण कर तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन सड़कों पर गड्ढे हो गए हैं, उन्हें अभियान चलाकर गड्ढामुक्त किया जाए।

जल निगम के कार्यों की समीक्षा में उन्होंने जल जीवन मिशन से जुड़े सभी कार्य दिसंबर 2026 तक गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने को कहा। उन्होंने कहा कि कार्यों के लिए खोदी गई सड़कों को भी पहले की तरह गुणवत्तापूर्ण ढंग से बनाया जाए। जहां काम पूरा करने में बाधा आ रही हो, वहां संबंधित जनप्रतिनिधियों से समन्वय कर समाधान कराया जाए।

क्रय केंद्रों पर पर्याप्त खाद उपलब्ध रहे

सहकारिता विभाग की समीक्षा करते हुए सांसद ने सभी क्रय केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध रखने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को फसल की बोआई के समय परेशानी न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी क्रय केंद्र से अधिक कीमत पर खाद बेचने की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।

सांसद ने मुख्य राजस्व अधिकारी को अंश निर्धारण से संबंधित आवेदन पत्रों का गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण कराने के निर्देश दिए, जिससे भविष्य में विवाद की स्थिति न बने।

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने सांसद और जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सुझावों और निर्देशों का पालन करते हुए समस्याओं का त्वरित निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को पूर्व में आई तेज आंधी से क्षतिग्रस्त विद्युत पोल, तार और अन्य उपकरणों का आकलन कर अनुमान तैयार करने तथा शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।

बैठक में विधायक दीपक पटेल, गुरु प्रसाद मौर्य, पीयूष रंजन निषाद, डॉ. वाचस्पति, राजमणि कोल, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी, भाजपा गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।