आउटसोर्स कर्मियों के जीवन में आएगी नई रोशनी : उमेश चंद्र गणेश केसरवानी
वेतन में बढ़ोतरी और सामाजिक सुरक्षा के लिए मुख्यमंत्री का किया अभिनंदन, कहा—सेवा ही हमारा संकल्प
प्रयागराज, 02 सितंबर । सरकार का संकल्प समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में नई चेतना और रोशनी लाना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आउटसोर्स कर्मियों की समस्याओं को समझते हुए उनके वेतन में बढ़ोतरी के साथ सामाजिक सुरक्षा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। यह पहल आउटसोर्स कर्मचारियों के जीवन में स्थायित्व और सुरक्षा लाने वाली है। यह बात बुधवार को नगर निगम सभागार में आयोजित उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने कही।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने आउटसोर्स कर्मियों की समस्याओं को दूर करने और उनके दैनिक जीवन को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का गठन किया है। इसके माध्यम से आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेवा ही हमारा संकल्प है और मुख्यमंत्री ने अपने कार्यों के माध्यम से इसे साबित किया है।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है और रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। भारत आत्मनिर्भरता के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।
नगर निगम सभागार में बुधवार को उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का नगर निगम सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। महापौर ने कार्यक्रम में आउटसोर्स कर्मचारियों को किट और स्वीकृति पत्र प्रदान किए।
डिजिटल व्यवस्था से पारदर्शिता पर जोर
उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के माध्यम से आउटसोर्स कर्मियों की नियुक्ति और सेवा व्यवस्था को डिजिटल एवं पारदर्शी बनाने की पहल की गई है। नई व्यवस्था में जेम पोर्टल के माध्यम से सेवा प्रदाता एजेंसियों का निष्पक्ष चयन किया जाएगा। कर्मचारियों के वेतन, ईपीएफ और ईएसआईसी से संबंधित अभिलेख और भुगतान व्यवस्था को भी डिजिटल माध्यम से अधिक जवाबदेह बनाने का प्रावधान किया गया है।
इस व्यवस्था का उद्देश्य आउटसोर्स कर्मियों, सरकारी विभागों और सेवा प्रदाता एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में विधायक फाफामऊ गुरु प्रसाद मौर्य, विधायक करछना पीयूष रंजन निषाद, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी, पार्षदगण, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा, अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, अपर नगर आयुक्त अरविंद कुमार राय, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी संजय ममगई सहित संबंधित अधिकारी और बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मचारी मौजूद रहे।