17 सितंबर से शुरू होगा प्राचीन दधिकांदो मेला, मुकुट पूजन से होगा आगाज; 25 सितंबर को निकलेगा श्रीकृष्ण-बलदाऊ जी का भव्य दल
कीडगंज के शंकर लाल भार्गव मार्ग से जुड़ी सदियों पुरानी परंपरा, अनंत चतुर्दशी पर आरती-पूजन के बाद पारंपरिक मार्ग से निकलेगी शोभायात्रा
प्रयागराज, 15 सितंबर । नगर में स्थित कीडगंज के शंकर लाल भार्गव मार्ग से निकलने वाले प्राचीन दधिकांदो मेले का शुभारंभ 17 सितंबर को भगवान श्रीकृष्ण और बलदाऊ जी के मुकुट पूजन के साथ होगा। मेले का मुख्य आयोजन 25 सितंबर को भाद्रपद मास की अनंत चतुर्दशी के अवसर पर किया जाएगा। इस दिन श्रीकृष्ण-बलदाऊ जी का भव्य दल परंपरागत मार्ग से निकलेगा।
प्राचीन श्री दधिकांदो कमेटी के अध्यक्ष एवं पार्षद रुद्रसेन जायसवाल ने बताया कि 25 सितंबर की शाम सात बजे कीडगंज स्थित श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन के प्रांगण में आरती और पूजन होगा। इसके बाद श्रीकृष्ण-बलदाऊ जी का दल परंपरागत मार्ग से होते हुए शंकर लाल भार्गव मार्ग तक निकलेगा। मेले को भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि दधिकांदो मेले की पुरानी परंपरा के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण और बलदाऊ जी के मुकुट का पूजन 17 सितंबर को किया जाएगा। इसके बाद विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मेले की तैयारियां तेज होंगी। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से मेले में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण और बलदाऊ जी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।