प्लेटफार्म पर घटिया ग्रेनाइट देख भड़के डीआरएम, बोले—गुणवत्ता से समझौता नहीं

- चुनार स्टेशन के निरीक्षण में निर्माण एजेंसी को फटकार, अधूरे काम जल्द पूरा कराने के निर्देश

प्लेटफार्म पर घटिया ग्रेनाइट देख भड़के डीआरएम, बोले—गुणवत्ता से समझौता नहीं

मीरजापुर, 18 अगस्त । अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चुनार रेलवे स्टेशन को संवारने के काम में गुणवत्ता की अनदेखी देख मंगलवार को मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल नाराज हो गए। प्लेटफार्म पर लग रहे ग्रेनाइट की गुणवत्ता मानक के अनुरूप नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल उसे बदलने और निर्माण में निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए।

उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के डीआरएम रजनीश अग्रवाल चुनार-चोपन रेलखंड के निरीक्षण के बाद शाम करीब सवा चार बजे चुनार स्टेशन पहुंचे। उन्होंने स्टेशन परिसर में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का बारीकी से जायजा लिया।

प्लेटफार्म पर चल रहे सर्फेसिंग कार्य की प्रगति देखने के दौरान उन्होंने लगाए जा रहे ग्रेनाइट की गुणवत्ता पर सवाल उठाया। गुणवत्ता संतोषजनक नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने खराब सामग्री को बदलने को कहा। डीआरएम ने स्पष्ट किया कि यात्रियों के लिए तैयार किए जा रहे स्टेशन में निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए।

उन्होंने प्लेटफार्म पर सर्फेसिंग का काम जल्द पूरा कराने के साथ यात्रियों की सुविधा के लिए वाटर बूथ लगाने के निर्देश दिए। प्लेटफार्म शेड बदलने और सर्कुलेटिंग एरिया में अधूरे पड़े कार्यों को भी शीघ्र पूरा कराने को कहा। स्टेशन परिसर में हरित पट्टी विकसित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने परिसर को सुविधाजनक और बेहतर स्वरूप देने पर जोर दिया।

डीआरएम ने निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों से अब तक हुए कार्य की प्रगति और निर्धारित समयसीमा की जानकारी ली तथा कार्य को तय समय में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किए जा रहे कार्यों में यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और निर्माण की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान एडीआरएम इंफ्रा धनंजय कुमार, सीनियर डीओएम मयंक राणा, सीनियर डीसीएम हरिमोहन, एडीईएन चुनार संजय चौधरी, स्टेशन अधीक्षक मेजर सिन्हा, आरपीएफ प्रभारी राजीव राणा सहित रेलवे के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।