विकास और विरासत के संतुलन से प्रयागराज बनेगा विश्वस्तरीय नगर, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को मिले प्राथमिकता : महापौर

विकास और विरासत के संतुलन से प्रयागराज बनेगा विश्वस्तरीय नगर, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को मिले प्राथमिकता : महापौर

विकास और विरासत के संतुलन से प्रयागराज बनेगा विश्वस्तरीय नगर, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को मिले प्राथमिकता : महापौर

प्रयागराज, 24 जून । विश्व प्रसिद्ध प्रयागराज का विकास उसकी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित रखते हुए किया जाना चाहिए। उक्त बातें बुधवार को लखनऊ में प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा से प्रयागराज के महापौर गणेश केसरवानी ने कहीं।

उन्होंने आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, आधुनिक यातायात व्यवस्था, बेहतर विद्युत अवसंरचना तथा गंगा पार एवं नैनी क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता दिए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसी उद्देश्य से उन्होंने प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा से मुलाकात कर शहर के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की।

महापौर ने शहर की विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित एवं सुदृढ़ बनाने के लिए जर्जर एवं क्षतिग्रस्त बंच केबलों के सुधार और प्रतिस्थापन की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और विद्युत मांग को देखते हुए आधुनिक एवं मजबूत विद्युत अवसंरचना का विकास समय की आवश्यकता है, जिससे नागरिकों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।

महापौर ने संगम नगरी की पहचान बन चुके गंगा पाथ को और अधिक आकर्षक एवं सुरक्षित बनाने के लिए आधुनिक एवं उच्च गुणवत्ता की प्रकाश व्यवस्था विकसित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा क्षेत्र की सुंदरता और आकर्षण में वृद्धि होगी।

प्रयागराज के समग्र विकास का खाका प्रस्तुत करते हुए महापौर ने शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए स्मार्ट ट्रैफिक प्रबंधन, सड़क चौड़ीकरण और आधुनिक यातायात सुविधाओं के विकास पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से नागरिकों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी और आवागमन अधिक सुगम होगा।

महापौर ने गंगा पार क्षेत्र में तेजी से बढ़ती आबादी और शहरी विस्तार का उल्लेख करते हुए वहां सड़क, पेयजल, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित विकास परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया। साथ ही नैनी क्षेत्र में लंबे समय से अपेक्षित सीवर लाइन परियोजना को स्वीकृत किए जाने की आवश्यकता भी बताई, जिससे क्षेत्र में स्वच्छता सुविधाओं का विस्तार हो सके और सुनियोजित विकास को गति मिले।

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने महापौर द्वारा प्रस्तुत सुझावों को गंभीरता से सुना तथा प्रयागराज के विकास से जुड़े विषयों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में नगरों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और प्रयागराज की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर देखा जाएगा।

महापौर गणेश केसरवानी ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश सरकार के सहयोग से प्रयागराज में आधारभूत सुविधाओं का व्यापक विस्तार होगा तथा शहर अपनी गौरवशाली विरासत को संरक्षित रखते हुए विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।