लखनऊ में गणेश विसर्जन के दौरान सई नदी में डूबे 3 युवकों के शव बरामद, SDRF ने चलाया अभियान

मोहनलालगंज के सीसेंडी गांव में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक युवक गहरे पानी में चला गया, उसे बचाने उतरे दो अन्य युवक भी डूब गए।

लखनऊ में गणेश विसर्जन के दौरान सई नदी में डूबे 3 युवकों के शव बरामद, SDRF ने चलाया अभियान

लखनऊ, 23 सितंबर । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज थानाक्षेत्र में गणेश विसर्जन के दौरान मंगलवार को सई नदी में डूबे तीन युवकों के शवाें को एसडीआरएफ टीम ने बुधवार को खोज निकाला है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) रल्लापल्ली वसंथ कुमार ने बताया कि मोहनलालगंज थानाक्षेत्र स्थित सई नदी में सीसेंडी गांव के लोग गणेश मूर्ति विसर्जन करने मंगलवार की शाम को गये थे। जहां गांव का धीरज गहरे पानी में चले जाने से नदी में डूब गया। उसे डूबता देखकर बचाने के लिए हरि प्रसाद और प्रमोद नदी में उतर गये। पानी के बहाव और गहराई के कारण धीरज को बचाने के प्रयास में वो दोनों भी नदी में डूब गए।

घटना की सूचना मिलते ही उचाधिकारियों पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। देर रात तक गोताखोंरों की मदद से डूबे युवकों की खोज कराई गई, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। बुधवार की सुबह एसडीआरएफ टीम और जल पुलिस के साथ स्थानीय गोताखोरों की कुल पांच टीमों ने दाेबारा सयुंक्त अभियान चलाकर नदी में डूबे सभी युवकों के शवों को बरामद कर लिया। पुलिस ने मृतकों की पहचान कर परिवार की मौजूदगी में शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।