अमर बलिदानियों के सपनों का भारत बनाना हमारा संकल्प : मंत्री प्रतिभा शुक्ला

अमर बलिदानियों के सपनों का भारत बनाना हमारा संकल्प : मंत्री प्रतिभा शुक्ला

अमर बलिदानियों के सपनों का भारत बनाना हमारा संकल्प : मंत्री प्रतिभा शुक्ला

कानपुर, 15 अगस्त। देश की स्वतंत्रता असंख्य ज्ञात-अज्ञात क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और सर्वोच्च बलिदान का परिणाम है। कानपुर की धरती और यहां के वीरों का स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान स्वर्णाक्षरों में अंकित है। स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का समर्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए सभी नागरिक कर्तव्यबोध के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। यह बातें शनिवार को महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहीं।

80वें स्वतंत्रता दिवस पर फूलबाग स्थित नाना राव पार्क में आयोजित जनपद के मुख्य समारोह में राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का सामूहिक गायन हुआ। उन्होंने कहा कि देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने नागरिकों से देश की एकता, अखंडता और विकास में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

राज्यमंत्री ने जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह और अन्य अधिकारियों के साथ नाना राव पार्क स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर अमर बलिदानियों को नमन किया। समारोह में देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के परिजनों को सम्मानित किया गया। इनमें ऑपरेशन रक्षक में बलिदान देने वाले नायब सूबेदार शमशुल हक की पत्नी महमूदा बानो, कैप्टन आयुष यादव के पिता अरुणकांत यादव, अनमोल प्रताप सिंह की पत्नी अंजना सिंह, सत्य प्रकाश सिंह की पत्नी गीता सिंह, राइफलमैन खलील अहमद की पत्नी शमीना बेगम, पवन कुमार की पत्नी सुषमा और रमेश सिंह की पत्नी दिलासा देवी शामिल रहीं।

इसके अलावा 1971 के भारत-पाक युद्ध में बलिदान देने वाले राजेंद्र सिंह की पत्नी सुखी देवी, ऑपरेशन रक्षक के अमर शहीद ब्रजेंद्र कुमार की पत्नी अर्चना और ऑपरेशन पराक्रम के अमर शहीद जय नारायण त्रिपाठी की पत्नी सुमन देवी को भी सम्मानित किया गया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में ओंकारेश्वर विद्या निकेतन इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। बड़ी संख्या में नागरिक, विद्यार्थी और अधिकारी मौजूद रहे।-