गोरखपुर में छठ महापर्व पर सेवा में जुटे RSS स्वयंसेवक, 20 से अधिक घाटों पर संभाली व्यवस्था

छठ घाटों पर संघ के स्वयंसेवकों की सेवा, व्रतियों को दूध, फूल, कपूर और चाय का किया वितरण

गोरखपुर में छठ महापर्व पर सेवा में जुटे RSS स्वयंसेवक, 20 से अधिक घाटों पर संभाली व्यवस्था

गोरखपुर, 16 नवंबर । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से गोरखपुर महानगर में लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ के पावन अवसर पर व्यापक सेवा एवं सहयोग अभियान चलाया गया। संघ के गोरखपुर दक्षिण भाग एवं गोरखपुर उत्तर भाग की विभिन्न शाखाओं के स्वयंसेवकों ने महानगर के 20 से अधिक प्रमुख छठ घाटों पर सेवा शिविर लगाकर व्रतियों और श्रद्धालुओं की सहायता की। इस दौरान श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने के लिए गाय का कच्चा दूध, पुष्प, कपूर तथा सुबह के समय निःशुल्क चाय का वितरण किया गया।

छठ पर्व पर संध्या एवं प्रातःकालीन अर्घ्य के दौरान घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच स्वयंसेवक पूरी तत्परता से सेवा कार्य में जुटे रहे। झारखंडी मंदिर पोखरा, विकास नगर, सूर्यकुंड धाम, मानसरोवर पोखरा और तकिया घाट सहित महानगर के करीब दो दर्जन प्रमुख घाटों पर स्वयंसेवकों ने सेवा स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों के माध्यम से व्रतियों को पूजन सामग्री उपलब्ध कराने के साथ ही उनकी आवश्यकताओं का ध्यान रखा गया।

विशेष रूप से सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान ठंड के मौसम को देखते हुए श्रद्धालुओं के बीच निःशुल्क चाय वितरित की गई। सुबह-सुबह घाटों पर पहुंचे व्रतियों और उनके परिजनों ने इस पहल की सराहना की। वहीं, अर्घ्य के लिए आवश्यक गाय का कच्चा दूध, पुष्प और कपूर उपलब्ध कराकर स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा।

सेवा अभियान केवल पूजन सामग्री के वितरण तक सीमित नहीं रहा। स्वयंसेवकों ने घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने, आवागमन सुचारु बनाए रखने तथा स्वच्छता व्यवस्था में भी सहयोग किया। घाटों पर आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए स्थानीय शाखाओं के कार्यकर्ता पूरे उत्साह और समर्पण के साथ सक्रिय रहे।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से प्रतिवर्ष छठ महापर्व के अवसर पर 'नर सेवा ही नारायण सेवा' के ध्येय भाव के साथ इस प्रकार का सेवा अभियान संचालित किया जाता है। इसका उद्देश्य लोक आस्था के इस महापर्व पर व्रतियों और श्रद्धालुओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना तथा सामाजिक सहभागिता और सेवा संस्कार को मजबूत करना है।

इस अवसर पर प्रांत प्रचारक प्रमुख डॉ. अवधेश एवं विभाग प्रचारक अजय नारायण ने महानगर के विभिन्न घाटों पर पहुंचकर सेवा स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वयंसेवकों से बातचीत कर उनके सेवा कार्यों की जानकारी ली और उनका उत्साहवर्धन किया। सेवा अभियान के संचालन एवं व्यवस्थाओं में दक्षिण भाग के सह भाग संघचालक राजाराम, उत्तर भाग कार्यवाह सुधीर, सह भाग कार्यवाह संतोष, मालवीय नगर के नगर कार्यवाह अजय, स्वतंत्र मल्ल, विश्व हिंदू परिषद के विभाग मंत्री शीतल, अमरदीप, मुकेश सहित विभिन्न शाखाओं के स्वयंसेवकों एवं कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।