मोटर बोट से बाढ़ प्रभावित गांव पहुंचीं डीएम, राहत एवं बचाव कार्यों का लिया जायजा
मोटर बोट से बाढ़ प्रभावित गांव पहुंचीं डीएम, राहत एवं बचाव कार्यों का लिया जायजा
फर्रुखाबाद, 05 अगस्त। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद की जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर ने बुधवार को तहसील अमृतपुर अंतर्गत विकासखंड राजेपुर के बाढ़ प्रभावित ग्राम तीस राम की मड़ैया का स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए तथा किसी भी प्रभावित व्यक्ति को आवश्यक सहायता से वंचित न रखा जाए।
जिलाधिकारी ने राहत शिविरों, खाद्यान्न वितरण, पेयजल, चिकित्सा सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था तथा पशुओं के लिए चारा आदि की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की। बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उन्हें आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन उनकी हर संभव सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी राहत एवं बचाव कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जा रहे हैं तथा प्रत्येक प्रभावित परिवार तक आवश्यक सहायता पहुंचाई जा रही है।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए, बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान उन्हें कृमिनाशक, एंटीबायोटिक, विटामिन तथा चर्मरोग की दवा अनिवार्य रूप से वितरित की जाए। इसके साथ ही ग्रामवासियों को क्लोरीन, डीहाईड्रेशन, फंगल इन्फेक्शन एवं एंटी वेनम की दवाओं का वितरण किया जाए। उन्होंने बेसिक खण्ड शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित ग्राम में बच्चों के अध्ययन कार्य हेतु शिक्षक की तैनाती की जाए। ग्राम में नियमित रूप से ब्लीचिंग पाऊडर एवं कीट नाशक दवाओं का छिड़काव कराया जाए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन सदैव उपलब्ध रहें। उन्होंने राहत कार्यों की सतत निगरानी करते हुए सभी व्यवस्थाएं प्रभावी एवं व्यवस्थित रखने पर विशेष बल दिया।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने विकासखंड राजेपुर स्थित रामनिवास महाविद्यालय के अवध इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी भवन में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए संचालित शरणालय स्थल का निरीक्षण किया। लोगों को उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी अमृतपुर स्वेता साहू समेत कई विभागों के अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।