दिल्ली पुलिस ने 17 वर्षीय किशोरी को सकुशल बरामद किया, अपहरण व पॉक्सो मामले में युवक गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने 17 वर्षीय किशोरी को सकुशल बरामद किया, अपहरण व पॉक्सो मामले में युवक गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने 17 वर्षीय किशोरी को सकुशल बरामद किया, अपहरण व पॉक्सो मामले में युवक गिरफ्तार

नई दिल्ली, 05 जुलाई

। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकलपुरी थाना पुलिस ने अपहरण और पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए 17 वर्षीय किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने 22 वर्षीय आरोपित करण को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपित के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पीड़िता के बयान और जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा भी जोड़ी गई है।

पुलिस के अधिकारी ने रविवार को बताया कि, 23 जून 2026 को हर्ष विहार थाने में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी 17 वर्षीय बेटी 20 जून से लापता है। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शिकायत के आधार पर मामला गोकलपुरी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गोकलपुरी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर उमेद सिंह के नेतृत्व में एएसआई पूनम, हेड कांस्टेबल अनुज, रोहित, नरेश और कांस्टेबल परवीन की विशेष टीम गठित की गई। पूरी कार्रवाई एसीपी गोकलपुरी दीपक चंद्र की निगरानी में की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने लगातार तकनीकी निगरानी, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण और स्थानीय स्तर पर खुफिया जानकारी जुटाई। मोबाइल फोन की लोकेशन और अन्य तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने किशोरी का पता लगा लिया और उसे सकुशल बरामद कर लिया। मौके से आरोपी करण (22), निवासी उत्तम नगर, दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपित ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से अपराध में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया। इसके बाद पीड़िता के बयान और जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले में बीएनएस की धारा 64(1) और 87 के अलावा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 भी जोड़ दी गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपित का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि घटना से जुड़े अन्य तथ्य या कोई अन्य व्यक्ति भी इसमें शामिल था या नहीं।