इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव : 11 सितंबर की बजाय 17 को होगा मतदान

इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव : 11 सितंबर की बजाय 17 को होगा मतदान

इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव : 11 सितंबर की बजाय 17 को होगा मतदान


प्रयागराज, 25 अगस्त  इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन का चुनाव पहले से घोषित समय पर नहीं हो सकेगा। अब यह चुनाव 11 सितंबर की बजाय 17 सितंबर को होगा। मंगलवार को चुनाव कमेटी ने मतदाताओं की सूची जारी करते हुए चुनावी प्रक्रिया संबंधित चुनाव कार्यक्रम की पूरी प्रक्रिया की घोषणा कर दी। नई मतदाता सूची के अनुसार कार्यकारिणी के कुल 30 पदों के लिए 11485 अधिवक्ता अपने मतों का प्रयोग कर सकेंगे।

मुख्य चुनाव अधिकारी सैयद फरमान अहमद नकवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में चुनाव अधिकारी वशिष्ठ तिवारी, जेबी सिंह, लक्ष्मीकांत मिश्रा, राज कुमार शुक्ला, अनुभव शुक्ला ने संयुक्त रूप से बताया कि मंगलवार को मतदाताओं की सूची जारी होने के साथ ही चुनाव आचार संहिता लागू कर दी गई है। सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट के आदेशों के क्रम में संभावित प्रत्याशी अब चुनावी दावतें नहीं कर सकेंगे।, पोस्टर, बैनर, होल्डिंग, पम्फलेट आदि न तो हाईकोर्ट परिसर के अंदर और न ही हाईकोर्ट परिसर के बाहर चस्पा कर सकेंगे। अगर कोई भी संभावित प्रत्याशी ऐसा करता हुआ पाया जाएगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि पिछले बार की तरह इस बार भी उन्हीं लोगों को वोटर बनाया गया है, जिन्होंने पाँच केस दाखिल किए हैं। हालांकि, पिछले चुनाव में केसों की संख्या के आंकड़े वित्तिय वर्ष से लिए जाते थे लेकिन अब यह कलेंडर वर्ष यानी जनवरी से दिसंबर के हिसाब से जोड़ा गया है। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट द्वारा दीक्षा केस में दिए गए आदेश के अनुक्रम में महिला अधिवक्ता के लिए भी तीस प्रतिशत पद आरक्षित कर दिए गए हैं।

महिला अधिवक्ताओं के लिए नौ पद किए गए हैं आरक्षित

इसमें सहायक कोषाध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष, एक पद संयुक्त सचिव महिला और गवर्निंग काउंसिल के पांच पद शामिल हैं। जबकि, पिछले वर्षों में कुल 28 पदों के लिए कार्यकारिणी चुनी जाती थी। जिसमें, महिलाओं के लिए केवल संयुक्त सचिव महिला पद ही आरक्षित किया गया था लेकिन वर्तमान में अब महिला अधिवक्ताओं के लिए कुल नौ पद आरक्षित कर दिए गए हैं।

नामांकन पत्रों की बिक्री बुधवार से

चुनाव अधिकारियों के मुताबिक नई कार्यकारिण के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया हाईकोर्ट में छुट्टी होने के बावजूद बुधवार से जारी हो जाएगी। प्रत्याशी नामांकन पत्रों की खरीद के साथ ही सुरक्षा निधि का पैसा भी जमा कर सकेंगे। नामाकंन पत्रों की बिक्री 26 सितंबर से लेकर 28 सितंबर तक चलेगा। इसके बाद 29 अगस्त 2026 से लेकर 1 सितंबर तक नामाकंन फार्म दाखिल किए जा सकेंगे। यह प्रक्रिया सामान्य रूप से कार्यदिवस सुबह 10 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक चलेगी। नामाकंन पत्रों के दाखिल होने के बाद दो सितंबर को नाम वापसी हो सकेगी। तीन और चार सितंबर को नामाकंन पत्रों की स्क्रुटनी होगी। इसके बाद पांच सितंबर को संभावित सूची जारी कर आपत्ति मांगी जाएगी। छह सितंबर को प्रत्याशियों की फाइनल लिस्ट जारी कर दी जाएगी। मतदान 17 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक क्रिकेट मैदान में चलेगा।

इन पदों पर डाले जाएंगे वोट

चुनाव में अध्यक्ष पद पर एक, महासचिव पद के लिए एक, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर एक, उपाध्यक्ष पद पर कुल छह (महिला अधिवक्ता के लिए दो पद आरक्षित), कोषाध्यक्ष के दो पदों पर (महिला अधिवक्ता के लिए एक पद आरक्षित), संयुक्त सचिव प्रेस पद पर एक, संयुक्त सचिव प्रशासन पद पर एक, संयुक्त सचिव लाइब्रेरी पद पर एक, संयुक्त सचिव महिला पद पर एक और गवर्निंग काउंसिल के कुल 15 (महिला अधिवक्ता के लिए पांच आरक्षित) पदों पर वोट डाले जाएंगे। इस बार पिछले साल के हुए चुनाव के मुकाबले मतों की संख्या में भारी इजाफा है। कुल 11485 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। इसमें वरिष्ठ अधिवक्ता 134, महिला अधिवक्ता 742 और पुरूष अधिवक्ता 10609 शामिल हैं।