पीएम मोदी एवं सीएम योगी के नेतृत्व में हो रहा महिलाओं का सशक्तिकरण : डॉ कीर्तिका अग्रवाल
पीएम मोदी एवं सीएम योगी के नेतृत्व में हो रहा महिलाओं का सशक्तिकरण : डॉ कीर्तिका अग्रवाल

-अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस पर दर्जन भर महिलाएं सम्मानित
प्रयागराज, 08 मार्च (हि.स.)। अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस पर भाजपा महिला मोर्चा ने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहीं एक दर्जन महिलाओं को सम्मानित किया। सम्मानित करते हुए भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री डॉ कीर्तिका अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिलाओं का तेजी से सशक्तिकरण हो रहा है।शनिवार को सिविल लाइन स्थित वात्सल्य सभागार में आयोजित समारोह में वात्सल्य हॉस्पिटल की निदेशक डॉ कीर्तिका अग्रवाल ने बताया कि इन महिलाओं ने अपनी-अपनी उपलब्धियों से समाज को नई प्रेरणा दी है। नारी सशक्तिकरण की दिशा में इन लोगों का कार्य महत्वपूर्ण है। ऐसी महिलाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करना चाहिए, जिससे अन्य महिलाओं को प्रेरणा मिले।
महिलाओं का वित्तीय सशक्तिकरण एवं अंगदान संचेतना कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए डॉ कीर्तिका अग्रवाल ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के बराबर कार्य कर रही हैं। उनकी उपलब्धियों से देश गौरवान्वित हो रहा है। आज इस सभागार में जिन महिलाओं को सम्मानित किया गया है, वे विभिन्न क्षेत्रों में प्रेरणादायक कार्य कर रही हैं।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि वशिष्ठ वात्सल्य पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या नलिनी सिंह एवं इंस्पेक्टर महिला थाना प्रियंका सिंह ने कहा कि आज का दिन महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण है। विकास के हर मोर्चे पर वे योगदान दे रही हैं। आज इन्हें उचित मार्गदर्शन की जरूरत है। सभागार में उपस्थित महिलाओं को और अधिक आगे बढ़ने की प्रेरणा दी गई। इस दौरान रेशमा, नेहा सिंह, रत्ना राज, सीमा कुमारी, सरोज रावत, गीता तिवारी, रोशनी भारतीय, अल्पना गुप्ता, रेखा, कला बाई, उषा कनौजिया एवं सुषमा पाल आदि को सम्मानित किया गया।