ट्रैक्टर की टक्कर से ग्राम विकास अधिकारी की मौत

ट्रैक्टर की टक्कर से ग्राम विकास अधिकारी की मौत

ट्रैक्टर की टक्कर से ग्राम विकास अधिकारी की मौत

प्रयागराज, 19 मार्च । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के माण्डा थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर बाद एक दर्दनाक सड़क हादसे में ग्राम विकास अधिकारी की मौत हो गई। घटना राजापुर पुल के समीप हुई, जहां एक ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने दी।

उन्होंने बताया कि हादसे में मिर्जापुर जिले के विंध्याचल थाना क्षेत्र के पट्टी बघौरा गांव निवासी अरुण प्रकाश शुक्ला (45) पुत्र रमाशंकर शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिवार के लोगों के अनुसार, अरुण प्रकाश शुक्ला के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। वह दो भाइयों में बड़े थे। बताया गया कि वह घर से मोटरसाइकिल लेकर गैस कनेक्शन की केवाईसी कराने के लिए निकले थे, इसी दौरान रास्ते में हादसे का शिकार हो गए।

पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रैक्टर चालक की पहचान कर उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के संबंध में आगे की जांच जारी है।