शहीदों को नमन कर निकली तिरंगा यात्रा, गूंजे वंदे मातरम के नारे

शहीदों को नमन कर निकली तिरंगा यात्रा, गूंजे वंदे मातरम के नारे

शहीदों को नमन कर निकली तिरंगा यात्रा, गूंजे वंदे मातरम के नारे

मीरजापुर, 12 अगस्त । शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्प चढ़े, परिसर में झाड़ू चली और गूंज उठे-भारत माता की जय और वंदे मातरम नारे। बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नगर मंडल पश्चिमी की ओर से हर घर तिरंगा अभियान के तहत नारघाट स्थित शहीद उद्यान में ऐसा ही देशभक्ति से ओतप्रोत माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने आमजन के साथ शहीद उद्यान की सफाई कर अमर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन किया। इसके बाद त्रिमुहानी वार्ड में तिरंगा यात्रा निकाली गई।

मुख्य अतिथि पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल ने कहा कि शहीद उद्यान में वीर सपूतों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण और पुष्पार्चन करना सौभाग्य की बात है। अमर शहीदों के सपनों का भारत बनाने की दिशा में देश आगे बढ़ रहा है।

यात्रा का नेतृत्व कर रहे नगर अध्यक्ष पश्चिमी नितिन विश्वकर्मा ने कहा कि देश आजाद है तो इसके पीछे उन अमर शहीदों का बलिदान है, जिन्होंने आजादी के लिए फांसी का फंदा तक चुन लिया। उनके सपनों का भारत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना होगा।

तिरंगा अभियान के संयोजक सचिन जायसवाल ने लोगों से 15 अगस्त को अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर अमर शहीदों को नमन करने की अपील की।

तिरंगा यात्रा में जिला उपाध्यक्ष गौरव ऊमर, जिला मंत्री पूनम चौरसिया, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष राजकुमारी खत्री, कुलवंत सिंह, आनंद मैनी, मनोज मैनी, पूर्व जिला कोषाध्यक्ष संजय यादव, मंडल महामंत्री कृष्ण कुमार सिंह, मंडल उपाध्यक्ष दीपा ऊमर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।