प्रयागराज में रक्षा भूमि पर तीसरा संयुक्त अतिक्रमण विरोधी अभियान; 50 से अधिक अवैध संरचनाएं हटाई
प्रयागराज में रक्षा भूमि पर तीसरा संयुक्त अतिक्रमण विरोधी अभियान; 50 से अधिक अवैध संरचनाएं हटाई
प्रयागराज, 20 मई । रक्षा भूमि पर विद्यमान अवैध अतिक्रमणों को हटाने हेतु बुधवार को फोर्ट कैंट क्षेत्र, प्रयागराज में एक संयुक्त अतिक्रमण विरोधी अभियान संचालित किया गया। अभियान किला घाट, अक्षयवट रोड, वीआईपी घाट, संगम मार्ग रोड एवं महावीर रोड (हनुमान मंदिर अक्ष) क्षेत्र में संचालित किया गया। अभियान के दौरान लगभग 50 अवैध खोखे, अस्थायी दुकानें एवं अन्य अतिक्रमण हटाए गए।
यह जानकारी रक्षा मंत्रालय, प्रयागराज के पीआरओ ने दी। उन्होंने बताया कि अभियान में मेला प्राधिकरण प्रयागराज, कैंटोनमेंट बोर्ड प्रयागराज, ऑर्डनेंस डिपो प्रयागराज के सुरक्षा स्टाफ एवं क्विक रिएक्शन टीम तथा सिविल पुलिस के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अभियान के दौरान जन-हानि, सार्वजनिक सम्पत्ति अथवा वाहनों को किसी प्रकार की क्षति की सूचना नहीं है।
उन्होंने बताया कि पूर्व में आयोजित समन्वय सम्मेलन के दौरान रक्षा भूमि के सर्वे संख्या 70ए/1 पर स्थित चार प्रमुख अस्थायी संरचनाओं को अंतिम निर्णय हेतु स्टेशन कमांडर के साथ आगे विचार-विमर्श के लिए चिन्हित किया गया था। उक्त संरचनाएं वर्तमान में अभी भी रक्षा भूमि पर विद्यमान हैं।
बार-बार समन्वय बैठकों एवं लगातार तीन अतिक्रमण विरोधी अभियानों के बावजूद रक्षा भूमि को पूर्णतः अतिक्रमण मुक्त नहीं किया जा सका है। परिणामस्वरूप रक्षा भूमि का औपचारिक हस्तांतरण-ग्रहण प्रक्रिया अभी पूर्ण नहीं हो सकी है।
पीआरओ ने बताया कि अभियान के दौरान पुलिस बल की कमी, महिला पुलिस कर्मियों की अपर्याप्त उपलब्धता तथा आवश्यक यांत्रिक संसाधनों की अनुपलब्धता जैसी परिचालन संबंधी कठिनाइयां भी सामने आईं। अधिकारियों के अनुसार इन कारणों से अभियान की गति एवं प्रभावशीलता प्रभावित हुई। उन्होंने बताया कि स्थानीय सैन्य प्राधिकरण द्वारा पुनः स्पष्ट किया गया कि रक्षा भूमि के औपचारिक हस्तांतरण-ग्रहण से पूर्व सभी शेष अतिक्रमणों को हटाकर भूमि को पूर्णतः साफ एवं अवरोध मुक्त स्थिति में बहाल किया जाना आवश्यक है।