योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्रों तक पहुंचे : अजय कुमार शुक्ला

योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्रों तक पहुंचे : अजय कुमार शुक्ला

योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्रों तक पहुंचे : अजय कुमार शुक्ला

प्रयागराज, 04 जून । केंद्र एवं प्रदेश सरकार की मंशा है कि सभी जनकल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे। इसके लिए अधिकारियों को संवेदनशील होकर जनता की समस्याएं सुननी चाहिए और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना चाहिए। यह निर्देश गुरुवार को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के विकासखण्ड बहरिया में स्थित किरांव गांव में आयोजित जन चौपाल में प्रमुख सचिव सहकारिता उत्तर प्रदेश शासन एवं नोडल अधिकारी प्रयागराज अजय कुमार शुक्ला ने दिया।

उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से प्लास्टिक का कम उपयोग करने, जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने का आह्वान किया।

प्रमुख सचिव अजय कुमार शुक्ला एवं उप जिलाधिकारी फूलपुर अविनाश यादव की उपस्थिति में आयोजित जन चौपाल का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन कराया तथा सर्वोदय स्मृति वाटिका में पौधरोपण भी किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली।

चौपाल में पेंशन, राशन कार्ड, जल जीवन मिशन, आयुष्मान कार्ड, आईसीडीएस, फार्मर रजिस्ट्री, मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, महिला सुरक्षा, निराश्रित महिला पेंशन एवं दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी और उनकी समस्याएं सुनीं।

ग्रामीणों द्वारा रखी गई समस्याओं पर प्रमुख सचिव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर आवश्यक निर्देश दिए और शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा। चौपाल में सामुदायिक शौचालय, व्यक्तिगत शौचालय, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी जी.पी. कुशवाहा, खंड विकास अधिकारी बहरिया कविता तिवारी, ग्राम प्रधान सीमा मौर्य सहित ब्लॉक एवं ग्राम स्तर के अधिकारी-कर्मचारी, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।