चार दिन पहले हुए विवाद में किसान की गला रेतकर हत्या, भतीजे समेत छह पर मुकदमा

चार दिन पहले हुए विवाद में किसान की गला रेतकर हत्या, भतीजे समेत छह पर मुकदमा

चार दिन पहले हुए विवाद में किसान की गला रेतकर हत्या, भतीजे समेत छह पर मुकदमा

कानपुर, 04 जून । उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर के महाराजपुर थाना क्षेत्र स्थित किशनपुर गांव में एक किसान की धारदार हथियार से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने पारिवारिक भतीजे सहित कई लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर छह नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने गुरुवार काे बताया कि किशनपुर गांव निवासी कालीशंकर (45) बुधवार रात भोजन करने के बाद टहलते हुए घर से कुछ दूरी पर स्थित शिव मंदिर के पास पहुंच गये थे। देर रात परिवार को सूचना मिली कि वह मंदिर के निकट गंभीर हालत में खून से लथपथ पड़े हैं। परिजन उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में हैलट अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस को शव के पास संघर्ष और हमले के संकेत मिले हैं तथा गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने की बात सामने आई है।

मृतक की पत्नी किसाना ने पुलिस को बताया कि घटना की जानकारी परिवार को रात में मिली। वहीं बड़ी बेटी निशा ने आरोप लगाया कि हत्या के पीछे परिवार का ही एक भतीजा और उसके सहयोगी हैं। उसका कहना है कि चार दिन पहले मोबाइल पर तेज आवाज में गाने बजाने को लेकर उनका आरोपी पक्ष के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था।

परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि घटना के बाद आरोपित जिस दिशा में भागे, वहां तक खून के निशान दिखाई दिए। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले साक्ष्य जुटा रही है। कालीशंकर खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में उनकी पत्नी, मां, तीन बेटियां और एक बेटा हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजन आरोपिताें की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता, एसीपी चकेरी और महाराजपुर पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम तथा डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और कई बिंदुओं पर जांच शुरू की है।

डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि डायल 112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। परिजनों की तहरीर के आधार पर सूरज, शुभम, सरदार, रविंद्र, गम्मा, बेचेलाल और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।----------------