विकसित उत्तर प्रदेश से ही विकसित भारत का सपना पूरा होगा: कपिल देव अग्रवाल
विकसित उत्तर प्रदेश से ही विकसित भारत का सपना पूरा होगा: कपिल देव अग्रवाल
लखनऊ, 12 दिसंबर । व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग और डेलॉयट संस्था के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को योजना भवन में स्टेकहोल्डर्स कांफ्रेंस का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, शिक्षा सलाहकार प्रो. डी.पी. सिंह, आर्थिक सलाहकार डॉ. के.वी. राजू, प्रमुख सचिव डॉ. हरि ओम, श्री नरेन्द्र भूषण, मिशन निदेशक पुलकित खरे एवं विभिन्न इंडस्ट्री प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कांफ्रेंस में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल निर्देशन में “विकसित भारत 2047” तथा उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में विभाग अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि वोकेशनल एजुकेशन, आईटीआई, मिशन और पॉलिटेक्निक संस्थानों के लिए एक व्यापक करिकुलम तैयार किया जा रहा है। इसमें सभी विभागीय अधिकारियों और इंडस्ट्री स्टेकहोल्डर्स की सहभागिता से युवाओं की स्किल्ड शिक्षा को नए स्तर पर ले जाने की योजना है।
अग्रवाल ने कहा कि नई शिक्षा नीति–2020 ने स्किल डेवलपमेंट को नई पहचान और बढ़ावा दिया है। इंटरमीडिएट से लेकर इंजीनियरिंग व एमबीए कर रहे छात्रों की समस्याओं को समझते हुए ऐसा मॉडल तैयार किया जा रहा है, जिससे पढ़ाई के साथ–साथ युवाओं को बेहतर स्किल्स भी प्राप्त हों।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पैनल डिस्कशन के शानदार परिणाम सामने आएंगे और मिलकर प्रदेश को विकसित उत्तर प्रदेश बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।--------------