मौसम में बदलाव से बढ़ी ठंड, हार्ट अटैक व लकवा के मामलों में इजाफा

मौसम में बदलाव से बढ़ी ठंड, हार्ट अटैक व लकवा के मामलों में इजाफा

जौनपुर, 06 फरवरी । यूपी केजौनपुर जनपद में मौसम के अचानक बदले मिजाज से ठंड और गलन बढ़ गई है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां भी बढ़ने लगी हैं। खासकर सुबह और शाम की ठंड के कारण हार्ट अटैक, लकवा और सांस संबंधी बीमारियों के मामले सामने आ रहे हैं।शुक्रवार को जनपद का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान आर्द्रता 74 प्रतिशत, वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 255 और हवा की गति 10 किलोमीटर प्रति घंटे रही। वहीं गुरुवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहा। आर्द्रता 89 प्रतिशत तथा AQI 124 रिकॉर्ड किया गया।गुरुवार की सुबह हल्के कोहरे के साथ धूप निकली थी, जिससे थोड़ी राहत मिली, लेकिन दोपहर बाद बादल छाने से ठंड बढ़ गई। शुक्रवार को भी सुबह चटक धूप रही, पर सर्द हवाओं के कारण गलन में इजाफा दर्ज किया गया।जनपद के वरिष्ठ फिजिशियन एवं हार्ट विशेषज्ञ डॉ. हरेंद्र देव सिंह ने ठंड के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि ठंड में ब्लड प्रेशर के उतार-चढ़ाव से लकवा का खतरा बढ़ जाता है, जबकि हृदय पर अतिरिक्त दबाव पड़ने से हार्ट अटैक की आशंका रहती है।उन्होंने हृदय रोग, शुगर और ब्लड प्रेशर के मरीजों को गुनगुने पानी का सेवन करने, नमक की मात्रा कम रखने, हल्का व्यायाम करने तथा सुबह की ठंड में अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी है। साथ ही संतुलित आहार लेने और तैलीय व मसालेदार भोजन से परहेज करने को कहा है।