राज्यपाल ने श्री गणपति सच्चिदानन्द आश्रम की 104वीं शाखा का यज्ञ में आहुति देकर शुभारम्भ किया
राज्यपाल ने श्री गणपति सच्चिदानन्द आश्रम की 104वीं शाखा का यज्ञ में आहुति देकर शुभारम्भ किया
अयोध्या, 26 दिसम्बर । राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने श्री गणपति सच्चिदानन्द आश्रम की 104वीं शाखा का वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य यज्ञ में आहुति देकर विधिवत शुभारम्भ किया। तत्पश्चात मंचासीन रामदरबार की प्रतिमाओं का श्रद्धापूर्वक दर्शन-पूजन किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि श्री गणपति सच्चिदानंद स्वामी द्वारा स्थापित यह आध्यात्मिक एवं सामाजिक पीठ भगवान दत्तात्रेय के दिव्य सिद्धांतों पर आधारित होकर आध्यात्मिक साधना के साथ-साथ मानव सेवा, करुणा, संवेदना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का सशक्त केंद्र है। अयोध्या जैसी पावन भूमि पर इस सेवा इकाई की स्थापना न केवल ऐतिहासिक और प्रेरणादायी है, बल्कि भारतीय सनातन परम्परा, ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना और सांस्कृतिक विरासत को सुदृढ़ करने का भी महत्वपूर्ण प्रयास है। स्वामी जी का मानव सेवा, प्रकृति संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक कल्याण के प्रति समर्पण अनुकरणीय है और अवधूत दत्त पीठम द्वारा इन क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों का सकारात्मक प्रभाव आज देश भर में परिलक्षित हो रहा है, जिसमें अयोध्या भी इस पुण्य यात्रा की साक्षी बन रही है। राज्यपाल ने कहा कि प्रभु श्रीराम की पावन जन्मभूमि अयोध्या, जो सांस्कृतिक चेतना, आध्यात्मिक ऊर्जा और लोकमंगल की त्रिवेणी है, आज सामाजिक उत्थान के एक नए और प्रेरक अध्याय की साक्षी बन रही है।
उन्होेंने बताया कि राजभवन की प्रेरक पहल से जनपद अयोध्या में लोककल्याण से जुड़े अनेक दूरगामी, परिवर्तनकारी और प्रभावशाली कार्य सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए हैं, जिनका सीधा लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति और बालशक्ति के सशक्तीकरण को केंद्र में रखते हुए राजभवन की पहल से जनपद अयोध्या में अब तक लगभग 2400 आंगनबाड़ी किटों का वितरण किया जा चुका है। जिससे जिले के समस्त आंगनबाड़ी केंद्र पूर्णतः संतृप्त हो गए हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि अयोध्या धाम क्षेत्र में पूर्व में एक भी आंगनबाड़ी केंद्र स्थापित नहीं था, किंतु इस सामाजिक रिक्तता को अवसर में परिवर्तित करते हुए उनकी पहल पर अयोध्या धाम में 70 नवसृजित आंगनबाड़ी केंद्रों का सृजन किया गया।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह जैसे शैक्षणिक अवसरों पर सेवा और शिक्षा का समन्वय प्रस्तुत करते हुए आंगनबाड़ी किटों का वितरण किया गया, साथ ही जनपद अयोध्या में 144 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र, 338 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को गैस कनेक्शन तथा 333 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए आवश्यक बर्तनों का वितरण सुनिश्चित किया गया। प्रदेशभर में आंगनबाड़ी केंद्रों को सुविधा-सम्पन्न बनाने के उद्देश्य से अब तक 1 अरब 50 करोड़ 29 लाख रुपये से अधिक की लागत से 50 हजार से अधिक आंगनबाड़ी किटों का वितरण किया जा चुका है।