भाजपा मीडिया प्रभारी ने फर्जी आईडी बनाकर तथ्यहीन प्रचार करने वाले के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
भाजपा मीडिया प्रभारी ने फर्जी आईडी बनाकर तथ्यहीन प्रचार करने वाले के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
बहराइच, 04 जून। सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर भ्रामक तथ्य फैलाने और तस्वीरों के गलत इस्तेमाल का मामला प्रकाश में आया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मीडिया प्रभारी शिवांकर शुक्ला ने गुरुवार काे पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव से मिलकर एक शिकायती पत्र दिया है। पत्र के आधार पर पुलिस ने आईटी एक्ट में अभियोग पंजीकृत कर फर्जी आईडी बनाने वाले की तलाश शुरू कर दी है।
भाजपा मीडिया प्रभारी ने पुलिस को दिए गए पत्र के अनुसार रुखसाना बहराइच नाम की एक सोशल मीडिया प्रोफ़ाइल देखी, जिसमें भाजपा बहराइच जिला कार्यालय का बैनर लगा है। बैनर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी केंद्रीय मंत्री व पूर्व भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा की तस्वीर लगी है। बैनर में भाजपा का चुनाव निशान कमल का फूल भी बना है, कुर्सी पर एक महिला बैठी है। आगे टेबल रखी है जिस पर कार्यालय प्रमुख लिखा है। भाजपा मीडिया प्रभारी ने आरोप लगाया है कि इस फेसबुक आईडी के जरिये कई भ्रामक और तथ्यहीन पोस्ट साझा की जा रही है।
मीडिया प्रभारी ने इसे भ्रामक प्रचार के लिए इस्तेमाल किये जाने को गम्भीर और अनुचित बताया है। उन्होंने एसपी से रुखसाना बहराइच नामक फेसबुक आईडी संचालक का पता लगाकर उसके खिलाफ सख्त कार्यवाई की मांग की है। अब सायबर क्राइम थाना ने आईटी एक्ट में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। आईडी चलाने वाले की तलाश जारी है।