आटो में सवारी बैठाने विवाद में तलवार-चाकू चले, आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम

आटो में सवारी बैठाने विवाद में तलवार-चाकू चले, आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम

गोरखपुर, 24 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के जनपद गोरखपुर के एम्स थाना क्षेत्र के कुसम्ही बाज़ार स्थित रामजानकी मंदिर के पास शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे दो पक्षों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। एक पक्ष ने तलवार, चाकू और रॉड से हमला कर दिया, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति संभाली और तीन आरोपितों को हिरासत में लिया जबकि घायलों को अस्पताल भिजवाया।

घटना के बाद नाराज व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने गोरखपुर-कसया मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही एम्स थाना पुलिस के साथ एसपी सिटी निमिष पाटील, कैंट सीओ और कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों और घायलों के परिजनों ने आरोप लगाया कि हमलावर पक्ष के घर में भारी मात्रा में हथियार रखे गए हैं। उन्होंने पुलिस से तत्काल छापेमारी कर हथियार बरामद करने और आरोपिताें की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने घटना के बाद संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है। तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि सद्दाम और जब्बार सहित अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पीड़ित परिजनाें के अनुसार कुस्मही निवासी सद्दाम और कालीचरण दोनों ऑटो चलाते हैं। गुरुवार शाम करीब 3 बजे सवारी बैठाने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसी विवाद को लेकर शुक्रवार सुबह कालीचरण के भाई गोविंद जायसवाल सद्दाम के घर पहुंचे और विवाद का कारण पूछा। आरोप है कि इसी दौरान सद्दाम, जब्बार और अन्य लोगों ने आक्रोशित होकर रॉड, तलवार और चाकू से हमला कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के व्यापारी भी मौके पर जुट गए। इस दौरान तनाव बढ़ा और कुछ लोगों ने एक ऑटो में तोड़फोड़ भी कर दी। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर हालात को संभाला। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना पर चौरीचौरा विधायक सरवन निषाद भी मौके पर पहुंचे और आरोपिताें के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एसपी सिटी निमिष पाटील का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।