प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में ‘साइकिल नगरी’ बना सूरत, 5000 से अधिक साइकिलों के साथ दिया गया ग्रीन संदेश

प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में ‘साइकिल नगरी’ बना सूरत, 5000 से अधिक साइकिलों के साथ दिया गया ग्रीन संदेश

प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में ‘साइकिल नगरी’ बना सूरत, 5000 से अधिक साइकिलों के साथ दिया गया ग्रीन संदेश

सूरत, 05 जून । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सूरत आगमन को लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। इस बार उनका स्वागत केवल भव्य ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के संदेश से भी जुड़ा हुआ है। सूरत के लालभाई कॉन्ट्रैक्टर स्टेडियम से इंडोर स्टेडियम तक हजारों लोगों ने आज साइकिल रैली में भाग लेकर पूरे शहर को मानो ‘साइकिल नगरी’ में बदल दिया।

इस अवसर पर गुजरात के उप मुख्यमंत्री व गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने स्वयं साइकिल चलाकर पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। बताया गया है कि इस विशाल साइकिल रैली में 5000 से अधिक साइकिल सवार शामिल हुए। आम नागरिकों के साथ-साथ शहर के अग्रणी उद्योगपति, हीरा व्यवसायी, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि और राजनीतिक नेताओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

रैली का उद्देश्य केवल प्रधानमंत्री का स्वागत करना नहीं था, बल्कि ‘मिशन लाइफ’ और ‘फिट इंडिया’ जैसे अभियानों को जन-जन तक पहुंचाना भी था। साइकिल के उपयोग के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और प्रदूषण कम करने के लिए प्रेरित किया गया। रैली के दौरान सड़कों पर उत्साह का अनूठा माहौल देखने को मिला। प्रतिभागी पर्यावरण संरक्षण और हरित भारत के संदेश वाले प्लेकार्ड लेकर शामिल हुए। पूरे आयोजन में एकता, देशभक्ति और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का सुंदर संगम देखने को मिला।

प्रधानमंत्री के भव्य स्वागत के साथ-साथ ग्रीन इंडिया का संदेश देकर सूरतवासियों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वे केवल विकास के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि पर्यावरण जागरूकता में भी देश के लिए प्रेरणास्रोत बन सकते हैं।