नील गाय की हत्या मामले में सात लोग गिरफ्तार, हत्या के औजार, दोनाली राइफल और टाटा सफारी बरामद
नील गाय की हत्या मामले में सात लोग गिरफ्तार, हत्या के औजार, दोनाली राइफल और टाटा सफारी बरामद
प्रयागराज, 02 दिसम्बर। प्रयागराज जिले में स्थित नवाबगंज थाने की पुलिस टीम ने मंगलवार की सुबह कचहना गांव के पास से नील गाय की हत्या कर मांस लेकर जाते सात लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने उनके कब्जे से एक कुल्हाड़ी, चार चाकू, एक दोनाली राइफल, पांच कारतूस, एक खोखा, दो देशी बम और घटना में प्रयुक्त टाटा सफारी बरामद किया है। यह जानकारी सहायक पुलिस आयुक्त सोरांव श्याम जीत ने दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में प्रतापगढ़ जिले के हथिगवा थाना क्षेत्र के परेवा नारायनपुर गांव निवासी मोहम्मद अजहर शेख पुत्र मुहीब, फैज फारूखी पुत्र अनीस ,अतहर फारूखी पुत्र मोहीबउल्ला, मोहम्मद मारिज पुत्र मोहम्मद आरिज , सरवर आलम पुत्र मोहिबउल्ला, मो. नफीस पुत्र मो. यासीन और मुम्बई के बान्द्रा जिले के पुलिस चौकी हिलोट क्षेत्र के लिकिंग रोड गली नं0-6 निवासी गयासुद्दीन पुत्र गुलाम हुसैन को थाना नवाबगंज के कचहना गांव के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस आयुक्त प्रयागराज जोगेन्द्र कुमार सिंह के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नवाबगंज पुलिस टीम ने मंगलवार उपरोक्त को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने धारा-325 भा.न्या.सं. व 9/51 वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 व 4/25/27 शस्त्र अधिनियम व 4/5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम पंजीकृत कर नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्यवाही की गयी।
उल्लेखनीय है कि, मंगलवार की भोर थाना नवाबगंज पर सूचना दी गयी कि एक काले रंग की टाटा सफारी से नवाबगंज के भैरव बाबा कछार क्षेत्र से नील गाय को मार कर उसका मांस टाटा सफारी में भरकर ले जाया जा रहा है । इस सूचना पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी को गिरफ्तार किया और विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।