उप्र के प्रयागराज समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना
कुछ जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाएं चलने की चेतावनी, लोगों से सतर्क रहने की अपील
प्रयागराज, 28 जून । उत्तर प्रदेश में प्रयागराज सहित कई जिलों में आने वाले कुछ घंटों में तेज हवाओं एवं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। ऐसी चेतावनी रविवार को मौसम विभाग ने जारी किया है। यह जानकारी चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ एस एन सुनील पांडेय ने दी है।
उन्होंने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए तात्कालिक मौसम चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार प्रयागराज सहित कई जनपदों में अगले कुछ घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बारिश तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि बलिया, प्रतापगढ़, आगरा, मथुरा, आजमगढ़, मऊ, अंबेडकरनगर, देवरिया, अयोध्या, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, बाराबंकी, सीतापुर, बहराइच, गोंडा, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और श्रावस्ती सहित कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज वर्षा तथा 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
वहीं प्रयागराज, जौनपुर, चित्रकूट, कौशाम्बी, फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी, आगरा, फिरोजाबाद, एटा, हाथरस, मथुरा, कासगंज, आजमगढ़, मऊ, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, देवरिया, अयोध्या, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, हरदोई, फर्रुखाबाद, सीतापुर, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बरेली, पीलीभीत, अलीगढ़, बदायूं, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर सहित कई जिलों में गरज-चमक, बिजली चमकने और हल्की वर्षा के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने तथा आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।