प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में एक हजार से अधिक छात्राएं व महिला खिलाड़ी बनाएंगी मानव श्रृंखला
—सोमवार को परमानंदपुर से नटानिया दाई मंदिर तक नारी शक्ति वंदन बालिका मानव श्रृंखला
वाराणसी, 26 अप्रैल । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 28 अप्रैल को प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आमलोगों में भी उत्साह दिखने लगा है। प्रधानमंत्री के आगमन से उत्साहित विकास इंटर कालेज परमानंदपुर वाराणसी की 1000 से अधिक छात्राएं और महिला खिलाड़ी 27 अप्रैल सोमवार को सुबह सात बजे परमानंदपुर से नटानिया दाई मंदिर तक नारी शक्ति वंदन बालिका मानव श्रृंखला बनाएंगी। यह जानकारी कालेज के चेयरमैन डॉ एके सिंह ने दी है।
उन्होंने बताया कि मानव श्रृंखला की पूरी तैयारी हो चुकी है। इसमें छात्राओं के साथ महिला खिलाड़ी स्वत: स्फूर्त जुड़ने के लिए उत्साहित है। उधर, प्रधानमंत्री मोदी के काशी आगमन के पूर्व शहर में व्यापक स्वच्छता अभियान चल रहा है। इसमें जनप्रतिनिधियों के साथ भाजपा पदाधिकारी श्रमदान कर लोगों को अभियान में शामिल होने के लिए आह्वान कर रहे है। रविवार को भी भाजपा जिला व महानगर में व्यापक स्वच्छता अभिमान चलाया गया। जिसमें जनप्रतिनिधियों व भाजपा पदाधिकारियों ने बढ़— चढ़ कर भाग लिया।
भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने रोहनियां विधानसभा क्षेत्र अन्तर्गत जलालीपट्टी वार्ड में स्वच्छता अभियान चलाया। भाजपा क्षेत्रीय दिलीप पटेल ने अभियान के बीच घर-घर सम्पर्क किया व महिलाओं को सम्मेलन में आने का निमंत्रण दिया। इस अवसर पर दिलीप पटेल ने कहा कि काशी के सांसद व देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2014 से महिला सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रहे हैं। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही राजनीतिक क्षेत्र में अधिकार देने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम विधेयक संसद में लाया, लेकिन विपक्ष की महिला विरोधी नीतियों के कारण ये विधेयक संसद में गिर गया। कहा कि इस विधेयक के पारित न होने से देशभर की महिलाओं में जबरदस्त आक्रोश है। इस क्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने रोहनियां विधानसभा के कर्दमेश्वर मंडल के कंचनपुर में घर-घर सम्पर्क किया व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में आने का महिलाओं को निमंत्रण दिया।