मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर फसलों के नुकसान, जन व पशु हानि का मुआवजा वितरण शुरु , लापरवाह अफसरों को चेतावनी
मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर फसलों के नुकसान, जन व पशु हानि का मुआवजा वितरण शुरु , लापरवाह अफसरों को चेतावनी
लखनऊ, 05 अप्रैल । उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश और तेज हवाओं के कारण जनहानि के साथ—साथ फसलों का भारी नुकसान हुआ है। खेतों में खड़ी फसलों के नुकसान से किसानों की चिंता बढ़ गयी है। नौ अप्रैल तक मौसम में उतार-चढ़ाव बने रहने का पूर्वानुमान है। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अति वर्षा-आकाशीय बिजली के चलते हुई जन व पशु हानि, किसानों के नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजा देने के निर्देश दिये हैं। उन्हाेंने कहा है कि नुकसान के आकलन और मुआवजा वितरण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने इस संबंध में सभी जिलाधिकारियों से नुकसान की रिपोर्ट भी मांगी है। मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर जिलाधिकारियों ने पीड़ितों के परिजनों को मुआवजा देना शुरु कर दिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मौसम को देखते हुए सभी अधिकारी सक्रिय होकर यह सुनिश्चित करें कि आपदा का असर किसानों पर कम से कम पड़े। जान-माल या पशुओं के नुकसान की स्थिति में 24 घंटे के भीतर मुआवजा प्रदान किया जाए। मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर शनिवार को हुई बारिश से किसानों को होने वाले नुकसान के बारे में जिलाधिकारियों से रिपोर्ट भी मांगी गयी है और कहा गया है कि इस काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निरंतर फील्ड में रहने और प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का वास्तविक आकलन कराने का निर्देश दिया।
उल्लेखनीय है कि 04 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलाें में तेज हवायें चलने, कहीं—कहीं ओलावृष्टि और गरज—चमक के साथ बारिश से किसानों का भारी नुकसान हुआ है। बारिश—आंधी से खेतों में तैयार खड़ी चना, गेंहू, सरसों और अरहर की फसल बर्बाद हो गई। यह नुकसान पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक हुआ है। कच्चे मकान गिरने, आकाशीय बिजली गिरने से भी कई माैतें हुई हैं और पशुओं की भी हानि हुई है। इतना ही नहीं तेज हवाएं चलने से बिजली के तारों के टूटने से बिजली की आपूर्ति और मुख्य मार्गों पर पेड व डालें गिरने से आवागमन बाधित हुआ। ट्रेनें भी प्रभावित हुई हैं।
मौसम विभाग केंद्र लखनऊ ने आज रविवार को दो दर्जन से अधिक जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कहीं—कहीं ओलावृष्टि, गरज चमक के साथ बौछारें पडने की संभावना व्यक्त की है। लखनऊ केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में यह बदलाव आया है। उन्होंने बताया कि पांच अप्रैल को मौसम में सुधार के साथ ही छह अप्रैल को मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। अगले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 7 से 9 अप्रैल के दौरान उत्तर प्रदेश कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना है।