महाशिवरात्रि पर ‘हर-हर महादेव’ से गूंजी नाथ नगरी, आधी रात से शुरू हुआ जलाभिषेक
महाशिवरात्रि पर ‘हर-हर महादेव’ से गूंजी नाथ नगरी, आधी रात से शुरू हुआ जलाभिषेक
बरेली, 15 फरवरी । महाशिवरात्रि पर नाथ नगरी पूरी तरह शिवमय हो गई। शनिवार आधी रात के बाद से ही प्रमुख शिवालयों में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। अलखनाथ मंदिर में रात 12 बजे से ही श्रद्धालुओं ने गंगाधर भगवान का गंगाजल से जलाभिषेक शुरू कर दिया। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा। तड़के चार बजे बाबा अलखनाथ की भव्य आरती उतारी गई, जिसके बाद दर्शनार्थियों की कतार और लंबी हो गई। शहर के अन्य नाथ मंदिरों में भी सुबह होते-होते जलाभिषेक का क्रम तेज हो गया।
त्रिवटीनाथ मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा और फूलों से भव्य रूप दिया गया है। मंदिर सेवा समिति के मीडिया प्रभारी संजीव औतार अग्रवाल ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तीन प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। व्यवस्था संभालने के लिए स्वयंसेवकों की ड्यूटी लगाई गई है, जिन्हें विशेष लाल टी-शर्ट प्रदान की गई है। धोपेश्वरनाथ, वनखंडीनाथ समेत अन्य शिवालयों में भी तड़के आरती के बाद कपाट खोल दिए गए।
सराफा बाजार से किला-कुतुबखाना मार्ग तक प्रमुख चौराहों को गेंदे और गुलाब की मालाओं से सजाया गया है। 14 से 16 फरवरी तक विशेष पुष्प श्रृंगार रहेगा। सड़कों पर शिवलिंग, डमरू, त्रिशूल, चंद्रमा और सर्प की फ्लावर आर्ट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
महाशिवरात्रि को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट रहा। सभी शिवालयों में पीएसी, पुलिस बल और महिला कर्मियों की तैनाती की गई है। एसपी सिटी मानुष पारीक और एडीएम सिटी सौरभ दुबे ने प्रमुख मंदिरों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। यातायात, साफ-सफाई और प्रकाश की विशेष व्यवस्था की गई है।
नाथ नगरी जलाभिषेक समिति की ओर से रविवार दोपहर 12 बजे से सात नाथ मंदिरों की परिक्रमा निकाली जाएगी, जो सेठ गिरधारी लाल मंदिर से प्रारंभ होकर विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक के साथ सम्पन्न होगी। श्रद्धालु गंगाजल और नंदी ध्वज लेकर शंखनाद करते हुए यात्रा में शामिल होंगे। पूरे शहर में भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। हर ओर गूंजते ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से नाथ नगरी आध्यात्मिक आस्था में डूबी नजर आई।