मामा के घर में फंदे से लटका मिला भांजे का शव
मामा के घर में फंदे से लटका मिला भांजे का शव
प्रयागराज, 21 फ़रवरी । प्रयागराज जिले में स्थित नैनी कोतवाली क्षेत्र के शिव नगर डांडी मोहल्ले में मामा के घर में शुक्रवार देर रात फंदे से एक से प्रतियोगी छात्र का शव लटका पाया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम मामले की जांच में जुट गई।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने शनिवार काे बताया कि मध्य प्रदेश के रींवा जिले के सोहागी थाना क्षेत्र स्थित पनासी गांव निवासी विपुल सिंह बघेल (22) का शव उसके मामा के घर में फंदे से लटका पाया गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची नैनी थाना पुलिस टीम ने पहले डांडी स्थित शिव नगर निवासी विनोद सिंह के घर का दरवाजा तोड़ा और फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू दी। परिवार से पूछताछ के बाद पुलिस टीम का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिर भी मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए परिवार के लोगों ने बताया कि उसके मामा विनोद सेना में है। वर्तमान में वह रांची में तैनात हैं। वह अपने परिवार के साथ वहीं रहते हैं। मृतक विपुल सिंह बघेल के माता-पिता खेती करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। विपुल सिंह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए मामा के घर अकेले रहता था। पुलिस टीम आत्महत्या का कारण पता लगा रही है।