मऊ जिलाधिकारी ने गौशाला और कंपोजिट विद्यालय का किया औचक निरीक्षण
मऊ जिलाधिकारी ने गौशाला और कंपोजिट विद्यालय का किया औचक निरीक्षण
मऊ, 20 दिसंबर । जिले में बढ़ती सर्दी को ध्यान में रखते हुए शनिवार को जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र ने विकासखंड रानीपुर के ग्राम पंचायत धर्मसीपुर स्थित गो आश्रय स्थल का औचक निरीक्षण किया। इसी के साथ ही इसी गांव के कंपोजिट विद्यालय का भी निरीक्षण किया।
गो आश्रय स्थल के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सर्दी से बचाव के लिए गोवंशों को जूट के बोरे ओढ़ाने और अलाव जलाने की भी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा गोवंशों को पर्याप्त मात्रा में हरे चारे, भूसा खिलाया जाए। डीएम ने अपर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को नियमित गौशाला में आकर गोवंशों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के भी निर्देश
उन्होंने जिला विकास अधिकारी उमेश चंद तिवारी को जनपद के समस्त गौशालाओं में ठंड से बचाव सहित अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।इसके बाद जिलाधिकारी ने कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण किया। विभिन्न कक्षाओं में जाकर छात्र-छात्राओं से विभिन्न विषयों के ज्ञान की जानकारी भी ली। इस दौरान कुछ कक्षाओं में बच्चों ने अपेक्षित उत्तर न देने पर उन्होंने अध्यापकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने की निर्देश दिए। साथ ही शिक्षणेत्तर गतिविधियों को कराते हुए बच्चों में शिक्षा के प्रति लगाव उत्पन्न करने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने विद्यालय परिसर स्थित रसोई घर का भी निरीक्षण करते हुए साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा मेन्यू के हिसाब से नियमित गुणवत्तापूर्ण भोजन बच्चों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला विकास अधिकारी उमेश चंद तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।-