गोवंश के साथ क्रूरता कर रील बनाना पड़ा भारी, आरोपित भेजा गया जेल
गोवंश के साथ क्रूरता कर रील बनाना पड़ा भारी, आरोपित भेजा गया जेल
अमेठी, 12 मई । उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद अंतर्गत मोहनगंज कोतवाली क्षेत्र में गोवंश के साथ क्रूरता कर सोशल मीडिया पर रील वायरल करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोपित युवक द्वारा गोवंश को मारपीट कर गिराने के बाद उसकी गर्दन पर लेटकर वीडियो बनाया गया था, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। पुलिस तत्काल प्रभाव से कार्यवाही करते हुए आरोपित मोहम्मद जावेद को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही में जुटी हुई है।
मंगलवार काे मामले का संज्ञान मोहनगंज पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से लिया और कार्रवाई करते हुए आरोपित मोहम्मद जावेद पुत्र लाल मोहम्मद निवासी पूरे चैन सिंह मजरे कूरा को हिरासत में लेकर थाने लाई। पूछताछ के दौरान युवक ने अपने कृत्य पर माफी मांगी। बताया जा रहा है कि थाने से बाहर निकलते समय युवक लंगड़ाते हुए दिखाई दिया और हाथ जोड़कर लोगों से क्षमा याचना करता नजर आया। यह घटना का वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
मोहनगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं पशु क्रूरता करने वाले और उससे जुड़े वीडियो पोस्ट करने वाले युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही की जा रही है। शेष अन्य जानकारी विवेचना के दौरान स्पष्ट हो सकेगी।