एमएसएमई एक्सपो–2026 का कानपुर में शुभारम्भ

एमएसएमई एक्सपो–2026 का कानपुर में शुभारम्भ

एमएसएमई एक्सपो–2026 का कानपुर में शुभारम्भ

कानपुर, 03 फरवरी । एमएसएमई-विकास कार्यालय, कानपुर द्वारा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय वेंडर डेवलपमेंट कार्यक्रम एवं एमएसएमई एक्सपो–2026 (तीन व चार फरवरी) का आज एमएसएमई-विकास कार्यालय परिसर में मंगलवार को शुभारम्भ किया गया। एक्सपो में सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, विभागों, बैंकों एवं एमएसएमई इकाइयों द्वारा 87 से अधिक स्टॉल लगाकर अपने उत्पादों एवं सेवाओं का प्रदर्शन किया गया।

उद्घाटन अवसर पर संयुक्त निदेशक विष्णु कुमार वर्मा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से एमएसएमई इकाइयों एवं सरकारी व सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के बीच आपसी सहयोग को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने पब्लिक प्रोक्योरमेंट पॉलिसी की जानकारी देते हुए कहा कि सरकारी एवं सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को अपनी कुल खरीद का 25 प्रतिशत सूक्ष्म एवं लघु उद्योग इकाइयों से करना अनिवार्य है, जिसमें चार प्रतिशत अनुसूचित जाति-जनजाति तथा तीन प्रतिशत महिला उद्यमियों की इकाइयों से खरीद शामिल है।

संयुक्त आयुक्त उद्योग सुनील कुमार ने उत्तर प्रदेश सरकार की औद्योगिक योजनाओं की जानकारी देते हुए उद्यमियों से इनका लाभ लेकर कम लागत में गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार करने का आह्वान किया। हिन्दुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड के उप महाप्रबंधक सुरेश चन्द्र मीणा ने सृजन पोर्टल के माध्यम से वेंडर पंजीकरण की जानकारी देते हुए कहा कि एमएसएमई का छोटा योगदान भी देश के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

एलिम्को के उप मुख्य सामग्री प्रबंधक रवि रंजन ने उद्यमियों से उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद बनाकर एलिम्को जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों को आपूर्ति करने की अपील की। आयुध निर्माणी के वर्क्स मैनेजर संजय गुप्ता ने बताया कि संस्थान द्वारा लगभग 90 प्रतिशत खरीद एमएसएमई क्षेत्र से की जाती है तथा उद्यमी सम्बंधित पोर्टल पर पंजीकरण कर अवसरों का लाभ उठा सकते हैं।

मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर टी. रजनीश डीजीक्यूए ने कहा कि देश की जीडीपी में एमएसएमई क्षेत्र का लगभग 30 प्रतिशत योगदान है तथा रोजगार सृजन में इसकी भागीदारी 62 प्रतिशत तक है। उन्होंने उद्यमियों से ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के अनुरूप कार्य करने पर बल दिया।

एक्सपो में हिन्दुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड, एलिम्को, बैंक ऑफ बड़ौदा, भारतीय स्टेट बैंक, यूको बैंक सहित 82 से अधिक सूक्ष्म एवं लघु उद्योग इकाइयों ने सहभागिता की। महिला उद्यमियों की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही।