कानपुर में मेगा ब्लॉक के चलते लखनऊ-कासगंज सवारी ट्रेन 42 दिन रहेगी निरस्त
कानपुर में मेगा ब्लॉक के चलते लखनऊ-कासगंज सवारी ट्रेन 42 दिन रहेगी निरस्त
उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में इंजीनियरिंग कार्य के चलते 42 दिन के मेगा ब्लॉक का असर लखनऊ-कासगंज रूट पर चलने वाली सवारी गाड़ियों पर पड़ेगा। रेलवे प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक कानपुर पुल बायां किनारा-कानपुर सेंट्रल के बीच ब्रिज संख्या 110 पर मरम्मत कार्य किया जाएगा। इसी वजह से लखनऊ जंक्शन से चलने वाली 55345 लखनऊ जं.-कासगंज सवारी गाड़ी को 2 अप्रैल से 14 मई 2026 तक निरस्त कर दिया गया है।
इसी तरह कासगंज से चलने वाली 55346 कासगंज-लखनऊ जं. सवारी गाड़ी 1 अप्रैल से 13 मई 2026 तक नहीं चलेगी। दोनों ट्रेनों के कुल 43 फेरे रद्द रहेंगे। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक मेगा ब्लॉक के दौरान पुल पर आवश्यक इंजीनियरिंग कार्य और संरक्षा संबंधी सुधार किए जाएंगे।
इस रूट पर दैनिक यात्रियों की संख्या अधिक रहती है, ऐसे में ट्रेन निरस्त होने से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से वैकल्पिक ट्रेनों और बस सेवाओं का उपयोग करने की अपील की है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक इज्जतनगर संजीव शर्मा ने यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है।