‘वंदे मातरम्’ को राष्ट्रीय गान के समान वैधानिक संरक्षण प्रदान किया जाना हर भारतीय के लिए गर्व का विषय
‘वंदे मातरम्’ को राष्ट्रीय गान के समान वैधानिक संरक्षण प्रदान किया जाना हर भारतीय के लिए गर्व का विषय
रायपुर, 07 मई। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ को राष्ट्रीय गान के समान वैधानिक संरक्षण प्रदान किये जाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताते हुए इसे हर भारतीय के लिए गर्व का विषय बताया है।
आज गुरुवार काे अपने सोशल मीडिया एक्स पर जारी बयान में मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम अधिनियम, 1971 में संशोधन प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर हमारे राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ को राष्ट्रीय गान के समान वैधानिक संरक्षण प्रदान किया जाना हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा है कि यह केवल एक कानूनी निर्णय नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना, स्वतंत्रता संग्राम की विरासत और राष्ट्रभक्ति की भावना को सम्मान देने का संकल्प है। ‘वंदे मातरम्’ ने आज़ादी की लड़ाई में करोड़ों देशवासियों को प्रेरित किया था और आज भी यह हर भारतीय के मन में मातृभूमि के प्रति समर्पण, सेवा और गौरव की भावना जगाता है।
मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का हार्दिक आभार व्यक्त किया है ।