ट्रिपल आईटी के प्रबंधन अध्ययन विभाग में समर स्कूल का शुभारम्भ

ट्रिपल आईटी के प्रबंधन अध्ययन विभाग में समर स्कूल का शुभारम्भ

ट्रिपल आईटी के प्रबंधन अध्ययन विभाग में समर स्कूल का शुभारम्भ

प्रयागराज, 25 मई। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान इलाहाबाद के प्रबंधन अध्ययन विभाग में सोमवार को “9वें समर स्कूल ऑन बिहेवियरल फाइनेंस” का उद्घाटन किया गया।

संस्थान के डीन (एकेडमिक) प्रो. पवन चक्रवर्ती ने उद्घाटन करते हुए बताया कि व्यवहारिक वित्त केवल आंकड़ों और बाजार की चाल का अध्ययन नहीं है, बल्कि यह मानव व्यवहार, भावनाओं और निर्णय क्षमता को समझने का विज्ञान है। आज के बदलते आर्थिक परिवेश में यह विषय अत्यंत प्रासंगिक हो गया है। क्योंकि निवेश और वित्तीय निर्णय केवल तर्क पर नहीं, बल्कि व्यक्ति की मानसिकता, भय, लालच, आत्मविश्वास और सामाजिक प्रभावों पर भी आधारित होते हैं।

संयोजक एवं समन्वयक प्रो. रणजीत सिंह ने कहा कि लगातार नौ समर स्कूलों का सफल आयोजन इस बात का प्रमाण है कि बिहेवियरल फाइनेंस के शिक्षण एवं शोध के प्रति विद्यार्थियों, शोधार्थियों तथा शिक्षाविदों की रुचि निरंतर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि निवेशकों के व्यवहार और वित्तीय निर्णयों को समझने में बिहेवियरल फाइनेंस एक महत्वपूर्ण अध्ययन क्षेत्र के रूप में तेजी से उभर रहा है।

विभागाध्यक्ष प्रो. शैलेन्द्र कुमार, डॉ. शशिकांत राय, डॉ. सौरभ मिश्रा तथा प्रो. वृजेंद्र सिंह आदि वक्ताओं ने वर्तमान आर्थिक एवं वित्तीय परिदृश्य में बिहेवियरल फाइनेंस की बढ़ती आवश्यकता एवं प्रासंगिकता पर अपने विचार व्यक्त किए। प्रो. रणजीत सिंह ने कहा कि इस वर्ष समर स्कूल के साथ-साथ बिहेवियरल फाइनेंस विषय पर एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विश्व के विभिन्न देशों एवं संस्थानों से लगभग 90 शोध पत्र प्राप्त हुए हैं। यह इस क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर बढ़ती अकादमिक रुचि को दर्शाता है।

ट्रिपल आईटी के पीआरओ डॉ पंकज मिश्र ने बताया कि कार्यक्रम में प्रबंधन अध्ययन विभाग के शोधार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। पांच दिवसीय यह समर स्कूल प्रतिभागियों को वित्तीय निर्णयों को प्रभावित करने वाले व्यवहारिक पहलुओं तथा इस क्षेत्र के समकालीन विकासों की गहन समझ प्रदान करेगा।