वक्फ बोर्ड घोटाले में सबसे बड़ा खेल कांग्रेस का, बाकी अन्य सहयोगी पार्टियां : अनामिका चौधरी
वक्फ बोर्ड घोटाले में सबसे बड़ा खेल कांग्रेस का, बाकी अन्य सहयोगी पार्टियां : अनामिका चौधरी

प्रयागराज, 28 अप्रैल (हि.स.)। वक्फ बोर्ड की सम्पत्ति भारत में 1947 के दौरान 30 हजार एकड़ थी, जो 2018 की केंद्रीय वक्फ परिषद् (सीडब्लूसी) रिपोर्ट के अनुसार आठ लाख एकड़ से अधिक है। इसकी अनुमानित कीमत 10 लाख करोड़ से अधिक है। सच्चर कमेटी ने बताया है कि भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। हर जगह जमीन कब्जा कर उसे वक्फ बोर्ड की जमीन घोषित कर दिया गया है। इन सब में सबसे बड़ा खेल कांग्रेस का रहा है। बाकी अन्य तो सहयोगी पार्टियां रहीं जो आज खेल बिगड़ता देख कर लोगों काे बरगला रही हैं।
यह बातें सोमवार को भाजपा यमुनापार की ओर से जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस में प्रदेश मंत्री अनामिका चौधरी ने कही। उन्होंने बताया कि कर्नाटक, असम में छात्रवृत्ति हड़पी गई। बड़े-बड़े मॉल, होटल व दुकान बनवाये गये। इसमें केवल मुस्लिमों की ही नहीं अपितु हिन्दुओं की जमीनों पर भी कब्जा किया गया। पीड़ितों को कोर्ट से भी राहत नहीं मिली।
प्रदेश मंत्री ने बताया कि कर्नाटक में दो लाख करोड़ की चोरी का खुलासा 2012 में हुआ। जिसमें 22 हजार एकड़ वक्फ भूमि को अवैध रूप से बेच दी गई या नाममात्र कीमत पर लीज पर दे दी गई । इस घोटाले से हिन्दू राजनेताओं, भू माफियाओं और वक्फ अधिकारियों को फायदा हुआ। जबकि गरीब मुसलमानों को कुछ भी नहीं मिला।
अंत में उन्होंने कहा कि आज जब भारतीय जनता पार्टी पीड़ितों को उनका हक दिला रही है तो यही राजनीति करने वाली पार्टियां भ्रम फैला कर मुस्लिमों को बरगला रही हैं। आज भाजपा दबे-कुचले मुस्लिमों को उनका सही हक दिलाने पर आमादा है और उनको मिलने वाले सभी लाभ दिये जायेंगे। इस दौरान यमुनापार जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, करछना विधायक पियूष रंजन निषाद, कोरांव विधायक राजमणि कोल, मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी आदि लोग उपस्थित रहे।