स्वास्थ्य शिविर अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का संकल्प : सुजीत सिंह
स्वास्थ्य शिविर अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का संकल्प : सुजीत सिंह
प्रयागराज, 14 अप्रैल । “यह केवल एक स्वास्थ्य शिविर नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का संकल्प है। हम निरंतर प्रयास कर रहे हैं कि कोई भी जरूरतमंद स्वास्थ्य सुविधा से वंचित न रहे।” यह बात मंगलवार को बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में सेवा भारती प्रयागराज के अध्यक्ष सुजीत सिंह ने कही।
उन्होंने बताया कि संविधान निर्माता बाबा साहब की जयंती के अवसर पर सेवा भारती एवं नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन (एनएमओ) के संयुक्त तत्वावधान में जनपद भर में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार महाअभियान का आयोजन किया गया है। इस महाअभियान के तहत शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की 172 वंचित बस्तियों में स्वास्थ्य शिविर लगाए गए, जिनमें 20 हजार से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श और निःशुल्क दवा वितरण किया गया। अभियान में लगभग 550 चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ तथा 1400 से अधिक स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
शिविरों में सामान्य रोगों की जांच के साथ महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों के लिए विशेष परामर्श की व्यवस्था की गई। दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों को मौके पर ही दवाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे उन्हें काफी राहत मिली।
कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्र सेवा प्रमुख युद्धवीर के मार्गदर्शन में किया गया। इसमें काशी प्रांत सेवा प्रमुख सत्य विजय, विभाग अध्यक्ष सुजीत सिंह, विभाग सेवा प्रमुख वीर कृष्ण एवं विंध्याचल महामंत्री पवन श्रीवास्तव, मंत्री डॉ. संतोष सिंह पटेल, शलभ श्रीवास्तव, संदीप चौधरी, सुनील सिंह मिंटू, एनएमओ के क्षेत्र उपाध्यक्ष डॉ. कमलाकर सिंह, प्रांत सचिव डॉ. राजेश राय सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
इस दौरान मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, जिलाधिकारी मनीष वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह तथा विधायक दीपक पटेल ने विभिन्न शिविरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और इस पहल की सराहना की।
चिकित्सा क्षेत्र के वरिष्ठ विशेषज्ञों में मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वी.के. पांडेय, पूर्व प्राचार्य डॉ. एस.पी. सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. तिवारी एवं डॉ. आर.सी. पांडेय का भी मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
आयोजकों ने बताया कि इस महाअभियान का उद्देश्य केवल उपचार ही नहीं, बल्कि समाज के वंचित वर्गों में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाना भी है। उन्होंने सभी चिकित्सकों, स्वयंसेवकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए ऐसे सेवा कार्यों को आगे भी जारी रखने का संकल्प दोहराया।