गौशालाओं की समीक्षा बैठक: गोवंशों को रेडियम बेल्ट पहनाकर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के निर्देश
-मण्डलायुक्त भूपेन्द्र एस. चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक
बरेली, 05 दिसंबर । मण्डलायुक्त भूपेन्द्र एस. चौधरी की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित सभागार में आज पशुपालन विभाग व गौशाला निर्माण कार्य की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में नोडल अधिकारी डॉ0 जी0के0 सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान गौशालाओं में ठंड से बचाव, हरे चारे, भूसा, पीने के पानी व पशुओं की चिकित्सा जैसी व्यवस्थाओं का जायजा लिया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि मण्डल में कुल 638 गोआश्रय स्थल हैं, जिनमें बरेली में 114, बदायूं में 317, पीलीभीत में 66 और शाहजहांपुर में 141 गौशालाएं शामिल हैं। इनमें से 90 स्थलों में कैमरे लगे हैं, जिनमें 73 इंटरनेट से जुड़े हैं। 138 गोआश्रय स्थलों में कमरे लगाने की प्रक्रिया भी चल रही है। सहभागिता योजना के तहत अब तक 28,615 गोवंश सुपुर्द किए जा चुके हैं, जिसमें 22,459 गोवंश लाभार्थियों के पास संरक्षित हैं।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि बरेली-बदायूं में 2,583 गोवंशों को रेडियम बेल्ट पहनाया गया है। नोडल अधिकारी ने कहा कि रेडियम बेल्ट पहनाने से वाहन चालकों को सड़क पर विचरित गौवंश दिखाई देंगे, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी। बैठक में बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत के जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी व अन्य मण्डल अधिकारी उपस्थित रहे।