प्रयागराज के अरैल से मीरजापुर तक गंगा पथ रिवरफ्रंट रोड बने : उज्ज्वल रमण सिंह
प्रयागराज के अरैल से मीरजापुर तक गंगा पथ रिवरफ्रंट रोड बने : उज्ज्वल रमण सिंह
प्रयागराज, 13 अप्रैल अरैल से मीरजापुर तक गंगा किनारे रिवरफ्रंट हाईवे (गंगा पथ) का निर्माण किया जाए। नैनी से मीरजापुर मार्ग पर पड़ने वाले बाजारों में एलिवेटेड सड़क एवं फ्लाईओवर बनाए जाएं। जिससे भूमि अधिग्रहण की समस्या कम हो और स्थानीय लोगों के मकान-दुकानों को नुकसान न पहुंचे। यह सुझाव सोमवार को इलाहाबाद संसदीय सीट से सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने एनएचएआई व डीपीआर तैयार करने वाली कंपनी के अधिकारियों के साथ मार्ग निरीक्षण के दौरान दिए।
सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने लैप्रेसी चौराहे से माण्डा रोड तक विभिन्न स्थानों का निरीक्षण करते हुए कहा कि लेप्रैसी चौराहे से सड़क को एलिवेटेड कर सरस्वती हाईटेक सिटी तक जोड़ा जाए। सड़क चौड़ीकरण से नैनी क्षेत्र के लोगों को नुकसान से बचेंगे। साथ ही सरस्वती हाईटेक पर बड़ा चौराहा विकसित कर इसे इनर रिंग रोड से जोड़ा जाए। उन्होंने मुंगारी टोल प्लाजा के विस्तार की भी आवश्यकता बताई। उन्होंने आगे सुझाव दिया कि कठौली, जनवार, बंधवा, डेल्हावा, पौसिया, अमोरा, लखनपुर और बिसजन तक बाईपास मार्ग बनाया जाए। इससे मेजा रोड पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। सांसद प्रतिनिधि विनय कुशवाहा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और सांसद के सुझावों पर तकनीकी स्तर पर विचार करने का आश्वासन दिया गया।