सनातनी नववर्ष के पहले दिन से ललिता घाट पर गंगा आरती की शुरुआत
सनातनी नववर्ष के पहले दिन से ललिता घाट पर गंगा आरती की शुरुआत
वाराणसी, 18 मार्चl उत्तर प्रदेश के वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा संचालित गंगा आरती का शुभारंभ सनातनी नववर्ष के पहले दिन गुरुवार से किया जा रहा है। इस पावन आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में अत्यंत उत्साह देखा जा रहा है। ललिता घाट पर होने वाली गंगा आरती की तैयारियों को देखकर देश-विदेश से आए भक्त विशेष रूप से आनंदित दिखाई दे रहे हैं। अनेक श्रद्धालु अपने अनुभव साझा करते हुए इस दिव्य आयोजन का हिस्सा बनने को सौभाग्य मान रहे हैं। मंदिर न्यास के अनुसार गुरुवार को होने वाली गंगा आरती का शुभारंभ शाम छह बजे से होगा। मंदिर न्यास ने बताया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ पूर्ण कर ली गई हैं। यह सुनिश्चित किया गया है कि श्रद्धालुओं को आरती दर्शन के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। मंदिर न्यास ने सभी श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखने तथा व्यवस्था में सहयोग करने का अनुरोध किया है, जिससे यह आध्यात्मिक आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।