गोरखपुर में सभी नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर

गोरखपुर में सभी नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर

गोरखपुर में सभी नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर

गोरखपुर, 20 जून । समय रहते बीमारियों की पहचान के उद्देश्य से मेदांता, गुरुग्राम एवं लॉज निपाल नं. 38 के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह स्वास्थ्य शिविर 21 और 22 जून को पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न दो बजे तक लॉज निपाल परिसर, गोरखपुर में आयोजित होगा।

शिविर सभी नागरिकों के लिए खुला रहेगा। इसमें महिला-पुरुष, युवा, वरिष्ठ नागरिक, नौकरीपेशा लोग, गृहिणियां और परिवार के सभी सदस्य आकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठा सकेंगे। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि इस कैम्प का उद्देश्य किसी विशेष वर्ग तक सीमित न रहकर अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।

कैम्प में मेदांता गुरुग्राम के सीनियर कार्डियोलॉजिस्ट और जनरल फिजिशियन द्वारा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। शिविर में आने वाले लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त करने के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जांचों की सुविधा भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। शिविर में ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, ईसीजी, बीएमडी यानी हड्डियों की मजबूती से जुड़ी जांच तथा पीएफटी यानी फेफड़ों की क्षमता की जांच की जाएगी। ये सभी जांचें आज के समय में अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती हैं, क्योंकि हृदय रोग, मधुमेह, हड्डियों की कमजोरी और सांस संबंधी समस्याएं तेजी से सामान्य जनजीवन को प्रभावित कर रही हैं।

संयोजक सुधांशु चंद्र वर्मा ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि यह शिविर आमजन को बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में प्रेरित करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए समय-समय पर इस प्रकार की स्वास्थ्य जागरूकता पहल अत्यंत आवश्यक है। अधिक जानकारी के लिए संपर्क नंबर 96957-58701 जारी किया गया है। आयोजकों ने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।