देशी शराब ठेके के पीछे मिला युवक का शव, हत्या का आरोप
देशी शराब ठेके के पीछे मिला युवक का शव, हत्या का आरोप
कानपुर, 20 जून । बिधनू थाना क्षेत्र के शिवगंज गांव में शनिवार को देशी शराब ठेके के पीछे एक युवक का शव मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए ठेका संचालक और सेल्समैन पर आरोप लगाए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान शिवगंज निवासी चमनलाल (38) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार शाम चमनलाल की गांव के बाहर स्थित देशी शराब ठेके पर सेल्समैन बाबू सिंह से कहासुनी हुई थी। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया था।
आज चमनलाल घर से सब्जी लेने की बात कहकर निकला था। कुछ देर बाद उसका शव ठेके के पीछे ट्यूबवेल के होद के पास पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों का आरोप है कि शव मिलने के बाद एक सेल्समैन दुकान बंद कर भागने का प्रयास कर रहा था, जिसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि अन्य लोग फरार हो गए।
परिजनों ने ठेका मालिक, सेल्समैन बाबू सिंह और अन्य लोगों के खिलाफ तहरीर देकर हत्या की आशंका जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस होद के पास शव मिला उसमें पानी कम था, इसलिए डूबने से मौत की संभावना संदिग्ध लग रही है। साथ ही मृतक की बनियान और अंगोछा भी मौके से नहीं मिले।
बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।