लूट करने वाले गिरोह के चार आरोपित गिरफ्तार, नकदी एवं जेवरात समेत अन्य सामान बरामद

लूट करने वाले गिरोह के चार आरोपित गिरफ्तार, नकदी एवं जेवरात समेत अन्य सामान बरामद

लूट करने वाले गिरोह के चार आरोपित गिरफ्तार, नकदी एवं जेवरात समेत अन्य सामान बरामद

प्रयागराज, 19 मई । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित सोरांव थाने की पुलिस टीम ने मंगलवार को लूट करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से 96 हजार रूपये नकद, जेवरात और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद किया है।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में पीयुष खेरा पुत्र वीरेन्द्र निवासी नेहरु नगर मीरापुर थाना अतरसुइया, अर्पित जायसवाल पुत्र मुकेश जायसवाल निवासी मीरापुर नियर ललिता देवी मन्दिर थाना अतरसुइया , अनुज वर्मा पुत्र दिवाकर वर्मा निवासी शास्त्री नगर करेली थाना करेली, दीपांशु वर्मा पुत्र शम्भूनाथ वर्मा निवासी शास्त्री नगर करेली थाना करेली कमिश्नरेट प्रयागराज है।

उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से व्यापारी को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। मामले के खुलासे के लिए थाना सोरांव पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया था, जिन्होंने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों को बिगहिया अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि दीपांशु वर्मा चौक स्थित एक सर्राफा दुकान में काम करता था और उसे जानकारी थी कि पीड़ित व्यापारी अक्सर रात में जेवरात लेकर होलागढ़ स्थित अपनी दुकान जाता है। इसी जानकारी के आधार पर आरोपियों ने इंस्टाग्राम के जरिए आपस में संपर्क कर लूट की योजना बनाई।

पुलिस के अनुसार 9 और 10 मई की रात आरोपियों ने व्यापारी का चौक से पीछा किया और मलाक चतुरी रोड पर सुनसान स्थान देखकर चाकू के बल पर नकदी और जेवरात से भरा बैग लूट लिया। वारदात के बाद आरोपित करेली इलाके में पहुंचकर लूट का माल आपस में बांट लिए।

पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।