पुलिस भर्ती परीक्षा में पूछे गए सवाल पर उठे विवाद के बाद मुख्यमंत्री ने सभी भर्ती बोर्डों को दिए निर्देश
पुलिस भर्ती परीक्षा में पूछे गए सवाल पर उठे विवाद के बाद मुख्यमंत्री ने सभी भर्ती बोर्डों को दिए निर्देश
लखनऊ, 15 मार्च । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान प्रश्न पत्र में पूछे गए सवाल पर शुरू हुए विवाद का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने रविवार की सुबह सभी भर्ती बोर्ड के अध्यक्षों को निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी भी व्यक्ति, जाति, पंथ, सम्प्रदाय की मर्यादा एवं आस्था के विषय में अमर्यादित टिप्पणी न करें। इसका संज्ञान लेते हुए सभी पेपर सेटर्स को भी निर्देशित किया जाए।
आदतन ऐसा करने वाले लोगों को तत्काल प्रतिबंधित किया जाए। यह विषय पेपर सेटर्स के एमओयू का भी हिस्सा बनायें।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान प्रश्न पत्र में एक सवाल को लेकर विवाद शुरू हो गया था। प्रश्न में पंडित शब्द का उपयोग करने को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कई नेताओं ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विरोध जताया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज सभी बोर्डों को निर्देश दिए हैं।