प्रतापगढ़ में शराब के नशे में बेटी की हत्या करने वाला पिता गिरफ्तार
प्रतापगढ़ में शराब के नशे में बेटी की हत्या करने वाला पिता गिरफ्तार
प्रतापगढ़, 23 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में कोहंडौर थानांतर्गत शराब के नशे में बेटी की हत्या करने वाले आरोपी पिता को पुलिस ने गुरुवार सुबह गिरफ्तार कर लिया है। दो दिन पहले मायके आई बेटी साेनम गाैतम (35) से रात में खाना बनाने को लेकर बहस हुई थी। उसके बाद शराब के नशे में पिता ने बेटी पर डंडे और कुल्हाड़ी के बेट से हमला किया। हमले के बाद बेटी रात भर बेहोशी की हालत में घर के आंगन में पड़ी रही। उसके शरीर से ज्यादा खून बह गया। उसकी माैत हाे गयी। पिता नशे में साेता रहा।
घटना के बाद सुबह दामाद अजय को फोन कर रामलाल ने बताया की सोनम की मौत हो गई है। इसके बाद अजय परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा। पड़ोसियों ने हत्या की बात बाताई। घटना की पूरी जानकारी होने पर दामाद ने बुधवार शाम ससुर रामलाल और एक अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मामले में कार्रवाई करते हुए गुरुवार की सुबह पुलिस ने आरोपित पिता को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने अपना जुर्म कबूल किया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस की पूछताछ में आरोपित रामलाल ने बताया कि वह शराब के नशे में था। उसने बेटी सोनम से पूछा कि क्या उसने खाना बनाया है। उसने कहा कि जब तुम घूम-घूमकर शराब पी रहे हो, तो मैं खाना क्यों बनाऊं। इसी बात को लेकर उससे विवाद हो गया। गुस्से में आकर घर में रखा जंगली बबूल का डंडा उठाकर उसे मारा, जिससे एक डंडा टूट गया। इसके बाद दूसरा डंडा उठाकर उसके शरीर पर कई बार वार किया। कुल्हाड़ी के पिछले हिस्से से उसके सिर पर 2-3 बार वार किया, जिससे उसके सिर से खून निकलने लगा। इसके बाद उसकी साड़ी से सिर से खून पोंछा। सुबह होने पर उस साड़ी को घर से थोड़ी दूरी पर कच्ची दीवार के खंडहर में छिपा दिया। रात भर सोनम लगभग 15 कदम की दूरी पर पड़ी रही और वह नशे की हालत में सोता रहा। मुझे यह पता नहीं चल पाया कि उसकी मृत्यु हो चुकी है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि नशे में पिता ने दो दिन पहले अपनी बेटी की हत्या कर दिया था जिसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।