आईआईटी कानपुर में सांख्यिकी और डेटा साइंस विभाग की स्थापना

आईआईटी कानपुर में सांख्यिकी और डेटा साइंस विभाग की स्थापना

आईआईटी कानपुर में सांख्यिकी और डेटा साइंस विभाग की स्थापना

कानपुर, 15 जून । भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर ने सांख्यिकी और डेटा साइंस के एक समर्पित विभाग की स्थापना को मंजूरी दे दी है। संस्थान का यह कदम इस क्षेत्र में शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार को नई मजबूती प्रदान करेगा।

नवगठित विभाग के अंतर्गत बीएस-एमएस (सांख्यिकी एवं डेटा साइंस), एमएससी (सांख्यिकी) तथा पीएचडी (सांख्यिकी) कार्यक्रमों का संचालन किया जाएगा। एमएससी कार्यक्रम, जिसमें प्रवेश जैम के माध्यम से होता है, 1970 के दशक से संचालित किया जा रहा है, जबकि बीएस-एमएस कार्यक्रम वर्ष 2021 से चल रहा है और इसमें प्रवेश जेईई के माध्यम से होता है। अब ये सभी कार्यक्रम नए विभाग के अंतर्गत संचालित होंगे, जिससे शैक्षणिक पहचान और समन्वय को और मजबूती मिलेगी। एमएससी कार्यक्रम में कुल 60 सीटें तथा बीएस-एमएस कार्यक्रम में लगभग 30 सीटें उपलब्ध हैं।

आईआईटी कानपुर में सांख्यिकी, प्रायिकता और मात्रात्मक विज्ञान के क्षेत्र में लंबे समय से शिक्षण और शोध कार्य किए जा रहे हैं। सांख्यिकी एवं प्रायिकता समूह स्नातक, परास्नातक और डॉक्टरेट स्तर के कार्यक्रमों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में अंतःविषयक अनुसंधान में भी योगदान देता रहा है। संस्थान का लक्ष्य इस विभाग को देश में सांख्यिकीय विज्ञान के अग्रणी केंद्र के रूप में विकसित करना है।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग के बढ़ते उपयोग के बीच विश्वसनीय और व्याख्यात्मक तकनीकी प्रणालियों के लिए मजबूत सांख्यिकीय आधार की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। ऐसे में यह विभाग विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों के लिए नए अवसर उपलब्ध कराएगा तथा इस क्षेत्र में विशेषज्ञ मानव संसाधन तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

भारत में सांख्यिकी और डेटा साइंस के समर्पित विभाग अभी सीमित हैं। ऐसे में आईआईटी कानपुर की यह पहल देश में उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

मीडिया प्रभारी सालोनी नागरकुट्टी ने सोमवार को बताया कि सांख्यिकी और डेटा साइंस विभाग की स्थापना आईआईटी कानपुर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह विभाग शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार को नई दिशा देने के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और डेटा साइंस जैसे उभरते क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रतिभाओं को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।