इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रों का फिर से हंगामा, झूठे मुकदमे में फसाने का आरोप

इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रों का फिर से हंगामा, झूठे मुकदमे में फसाने का आरोप

इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रों का फिर से हंगामा, झूठे मुकदमे में फसाने का आरोप

कानपुर, 09 फरवरी । उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में बिठूर थाना क्षेत्र मंधना स्थित महाराणा प्रताप इंजीनियरिंग कॉलेज में सोमवार को एक बार फिर छात्र उग्र हो गए। बीते बुधवार को छात्र नेताओं पर मुकदमा दर्ज किए जाने और छात्रों की मांगें पूरी न होने से नाराज करीब 300 छात्र कॉलेज के मुख्य गेट पर पहुंचकर हंगामा करने लगे। हालात बिगड़ते देख कई थानों की पुलिस, पीएसी, एसीपी कल्याणपुर और एडीसीपी पश्चिम समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि बीते दिनाें माैसम खराब हाेने के चलते कुछ साथी देर से कालेज पहुंचे थे। इस पर कालेज प्रशासन ने उनके साथियों की पिटाई की और विराेध करने पर पुलिस की माैजूदगी में उनकी कुछ मांगों को लेकर आपसी समझौता भी हुआ था, लेकिन इसके बावजूद कॉलेज प्रबंधन ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। उल्टा कॉलेज प्रशासन ने साजिशन छात्रों के खिलाफ ही एफआईआर दर्ज करा दी।

कॉलेज प्रशासन की इस कार्रवाई से नाराज छात्रों का गुस्सा एक बार फिर फूट पड़ा। छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस छात्रों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रही है।

इस संबंध में पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने बताया कि कॉलेज के छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है। छात्रों का एक प्रतिनिधिमंडल कॉलेज प्रशासन से बातचीत कर रहा है और जल्द ही मामले का निस्तारण कर लिया जाएगा।