प्रयागराज पुलिस और अपराधी के बीच हुई मुठभेड़
पुलिस मुठभेड़ में शातिर अपराधी घायल, साथी फरार

प्रयागराज, 29 अक्टूबर । कर्नलगंज थाना क्षेत्र के अयोध्या हाॅस्टल के पास शुक्रवार को यमुनापार एसओजी एवं कर्नलगंज थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल अपराधी को गिरफ्तार किया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि मौके से फरार उसके साथी की तलाश जारी है। गोली से घायल अपराधी के खिलाफ दर्जनों आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) आशुतोष मिश्रा ने बताया कि थरवई थाना क्षेत्र के मलाका निवासी अभियुक्त महेन्द्र भारतीय फतेहचन्द्र धूमनगंज के रम्मन का पूरा मुहल्ले में रहता है। उसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानें में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज है। यह धूमनगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यमुनापार की एसओजी टीम के उपनिरीक्षक सन्तोष कुमार और कर्नलगंज थाने की पुलिस गुरुवार रात संदिग्ध अपराधियों की तलाश में लगी हुई थी। शुक्रवार भोर में कर्नलगंज के अयोध्या छात्रावास के पास मोटर साइकिल से दो संदिग्ध जाते हुए दिखे। जिन्हें पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो मोटर साइकिल सवार अपराधी पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने लगे। पुलिस टीम की जवाबी कार्रवाई में महेन्द्र भारतीय गोली लगने से गिर गया, जबकि उसका साथी अन्धेरे का फायदा उठाते हुए भाग गया। घायल महेन्द्र को उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। फरार अपराधी की तलाश जारी है।