निर्विरोध चुने गए उपसभापति नरेंद्र सिंह, सपा पार्षद नदारद

निर्विरोध चुने गए उपसभापति नरेंद्र सिंह, सपा पार्षद नदारद

निर्विरोध चुने गए उपसभापति नरेंद्र सिंह, सपा पार्षद नदारद

बरेली, 09 जुलाई । नगर निगम की कार्यकारिणी बैठक में बुधवार को उपसभापति पद के चुनाव की प्रक्रिया चौंकाने वाली तेजी से निपट गई। महज 10 मिनट में पूरी हुई प्रक्रिया के दौरान भाजपा पार्षद नरेंद्र सिंह को सर्वसम्मति से उप सभापति चुन लिया गया। दिलचस्प बात यह रही कि समाजवादी पार्टी के कोई भी पार्षद इस महत्वपूर्ण चुनाव में मौजूद नहीं रहे।

दोपहर 12 बजे नगर निगम कार्यालय में जैसे ही चुनावी प्रक्रिया शुरू हुई, मेयर डॉ. उमेश गौतम ने अध्यक्षता संभाली। नामांकन की प्रक्रिया में केवल एक ही नाम सामने आया—नरेंद्र सिंह का। प्रस्तावक बने पार्षद सतीश कातिब और किसी अन्य नाम के अभाव में नरेंद्र सिंह निर्विरोध चुने गए।

--सपा की कमजोर होती पकड़, न विरोध, न उपस्थिति

नगर निगम में सपा की सियासी पकड़ दिन-ब-दिन ढीली होती जा रही है। जहां 2017 में पार्टी के 28 पार्षद दमदारी से बोर्ड में मौजूद थे, वहीं अब कार्यकारिणी में मात्र दो ही सपा सदस्य बचे हैं। हालत यह हो गई है कि उप सभापति जैसे महत्वपूर्ण पद के चुनाव में भी पार्टी का कोई प्रतिनिधि न तो मौजूद था और न ही विरोध की रस्म अदा करने को तैयार दिखा।

--ढोल-नगाड़ों संग मनाया गया जश्न

नरेंद्र सिंह के निर्विरोध उपसभापति चुने जाने की घोषणा के साथ ही कार्यकारिणी कक्ष में जश्न का माहौल बन गया। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर स्वागत किया, मालाएं पहनाईं और मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की। माहौल कुछ ऐसा था जैसे सबकुछ पहले से तय हो।

--ये लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय, संयुक्त नगर आयुक्त मंयक यादव, मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी, एक्सईएन आरके राठी, लेखाधिकारी अनुराग सिंह सहित नगर निगम के तमाम अधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे।

इस अवसर पर मेयर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि उपसभापति का चुनाव पूरी पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराया गया। कार्यकारिणी में सभी सदस्यों ने नरेंद्र सिंह को समर्थन दिया, यह इस बात का संकेत है कि निगम में कामकाज अब एकजुटता के साथ आगे बढ़ेगा।